
Balaghat Tiger Attack: मध्यप्रदेश के बालाघाट में एक बार फिर बाघ के द्वारा एक महिला का शिकार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना कान्हा टाइगर रिजर्व के पर्रापुर गांव की है, यहां बीती रात घर में सो रही एक महिला को बाघ घर से खींचकर ले गया। महिला की चीख पुकार सुनकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई और आसपास के लोग भी जमा हो गए। बेटा मां को बचाने के लिए पहुंचा तो बाघ ने उस पर भी हमले की कोशिश की।
पर्रापुर गांव में रहने वाली 50 वर्षीय शगुनी बाई शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अपने घर में सो रही थी। घर में दरवाजा नहीं था इस कारण रात करीब 1 बजे बाघ घर में घुसा और खटिया पर सो रही शगुनी बाई के सिर को अपने मजबूत जबड़े में दबाकर खींच ले गया। बाघ के हमला करते ही शगुनी बाई चीखने लगी और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन व आसपड़ोस के लोग जाग गए। तब तक बाघ शगुनी बाई को खींचकर घर से 50-60 फीट दूर ले जा चुका था।
मां को बाघ से बचाने के लिए जब बेटा पहुंचा तो बाघ ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन तभी ग्रामीणों की भीड़ शोर करती हुई टॉर्च लेकर मौके पर पहुंच गई। शोर सुनकर बाघ महिला और उसके बेटे को छोड़कर जंगल में भाग गया। ग्रामीणों के मुताबिक जब शगुनी बाई को घटनास्थल पर घर पर लेकर आए तब उसकी सांसें चल रही थीं लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाघ शगुनी बाई का आधा सिर खा गया था।
बाघ के द्वारा महिला का शिकार किए जाने की घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल की ओर न जाने की हिदायत वन विभाग के अधिकारियों ने दी है, साथ ही मृतका के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिए जाने की भी बात अधिकारियों ने कही है।