
बलिया : बलिया आये कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार राय ने भाजपा, आरएसएस और योगी सरकार के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। उन्होंने कहा कि यह वही संगठन है जिसका महात्मा गांधी की हत्या में रोल रहा।
अजय राय बाले कि महात्मा गांधी की तुलना आरएसएस से मत करो यह संगठन तो देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त रहा है। यह संगठन तो देश को बांटने का काम करता है। मैंने तो कल गृह मंत्री को पत्र भी लिखा कि ऐसे संगठन को तत्काल प्रतिबंधित कर देना चाहिए।अजय राय बलिया में महात्मा गांधी के शहर आगमन के 100 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया और उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
आरएसएस ने मानसिक, शारीरिक और यौन शोषण किया है, यह लोग खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केरल के 26 वर्षीय आईटी प्रोफेसर आनंद ने सुसाइड कर लिया था। उसने अपने सुसाइड नोट में साफ लिखा कि उसके साथ आरएसएस के नेता शारीरिक और मानसिक यौन शोषण कर रहे थे। यह लोग तो अपने बाल स्वयंसेवकों को भी नहीं छोड़ते है, उनके साथ भी शोषण करते है। ऐसे संगठन को तुरंत प्रतिबंधित किया जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मस्जिद तोड़ना तो केवल ध्यान भटकाने का काम है, यह हिंदू-मुस्लिम का माहौल बनाने का काम कर रहे है। चाहे संभल हो, बहराइच, कुशीनगर या चित्रकूट सभी जगह मस्जिदों को टारगेट किया जा रहा है।
राय ने कहा कि यही योगी राज है क्या? जहां 7 साल के बच्चे को मारकर बोरे में भर दिया। हरिओम वाल्मीकि को पीट-पीटकर मार डाला। उन्होंने आगे कहा कि योगी को सीएम पद त्याग कर अपने मठ में चले जाना चाहिए। प्रदेश उनसे संभल नहीं रहा है। आरएसएस के गुंडों पर कब खट-खट करोगे वह लोगों के साथ शारीरिक, मानसिक और यौन शोषण कर रहे हैं। उनको भी न्याय चाहिए।
जब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष से पूछा गया कि राहुल गांधी विदेश में देश विरोधी बयान देते हैं तो उन्होंने कहा, यह भाजपा का काम है हमारा नहीं। हम महात्मा गांधी के सिद्धांतों का पालन करते हैं। राहुल गांधी देश का नाम ऊंचा करते हैं। भाजपा तो राष्ट्रपिता तक का सम्मान नहीं करती।