
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बलिया. बहुजन समाज पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने एक बेतुका बयान दिया है। उन्होंने एक ऐसा ज्ञान दिया है, जिसे सुनकर शायद डाॅक्टर भी हैरान रह जाएंगे। उनका कहना है कि ताड़ी पीकर कोरोना को भगाया जा सकता है। ताड़ी इम्युनिटी पावर बढ़ाती है। राजभर समाज के लोग ताड़ी पिलाकर ही बच्चों की परवरिश करते रहे हैं। बता दें क ताड़ी एक मादक पेय है। इसे अंग्रेजी में पाम वाइन भी कहा जाता है। ये ताड़ के विभिन्न प्रजाति के वृक्षों के रस से बनती है
दरअसल भीम राजभर बलिया के रसड़ा क्षेत्र के राघोपुर स्थित चंद्रदीप सिंह महाविद्यालय में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेालन में शामिल हुए थे। इस दौरान जब उन्होंने मंच से संबोधन शुरू किया तो अचानक ही ताड़ से निकलने वाली ताड़ी का जिक्र छेड़ दिया। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने जानपर खेलकर पेड़ से ताड़ी उतारते थे और अपने व अपने बच्चों को पिलाकर जिलाते थे।
कोविड 19 में लोग कहते हैं कि कैसे बचें, लेकिन यदि इस धरती पर कोई सबसे ज्यादा प्राचीन पेड़ और कोरोना को भी मार कर सकने वाला है तो वो ताड़ी है। ताड़ी ही है जिससे इम्युनिटी पावर बढ़ती है। यही ताड़ी पीकर आज राजभर समाज विपरीत परिस्थितियों में भी जिन्दा है।