
OP Rajbhar Comment on Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर (Minister OP Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान गुंडों को संरक्षण मिलता था। दंगे होते थे, कर्फ्यू लगता था और लोगों की जान जाती थी। ओपी राजभर ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान पूरा शहर जल रहा था, जबकि अखिलेश यादव सैफई में डांस देख रहे थे।
मेरठ के SSP अविनाश पांडे द्वारा विरोध प्रदर्शन कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस वैन के अंदर घुसकर थप्पड़ मारने के मामले पर भी OP राजभर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने कहा- SSP ने जो काम किया है, अच्छा किया है। मंत्री ने आगे कहा कि जिसको पीटा गया, वह दलित नहीं…अपराधी है। अपराधी को फूल माला नहीं पहनाया जाएगा। जो लोग इस मामले को जाति से जोड़कर बयान दे रहे हैं, वे समाज को खोखला कर रहे हैं।
मंत्री OP राजभर ने अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर 9 तारीख को वाराणसी दौरे के समय प्रतिक्रिया देते हुए नसीहत दी थी। राजभर ने कहा- पूरा देश जानता है कि अखिलेश यादव अब तक रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या नहीं गए हैं। ऐसे में राम मंदिर और उससे जुड़े मुद्दों पर उनके बयानों को जनता गंभीरता से नहीं ले रही है। मंत्री ने कहा कि भगवान राम का भव्य मंदिर 500 वर्षों के लंबे संघर्ष, त्याग और करोड़ों लोगों की आस्था के बाद बना है।
ऐसे में मंदिर को लेकर विपक्षी नेताओं की टिप्पणियां लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली और उनकी आस्था का मजाक उड़ाने जैसी प्रतीत होती हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इसलिए इस विषय पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को श्रद्धा और संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।