
Ravi Kishan Pawan Singh Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा ब्लॉक में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक निजी कार्यक्रम में गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन तथा भोजपुरी गायक एवं बिहार के एमएलसी पवन सिंह पहुंचे। दोनों कलाकारों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रमुख अनिल सिंह और उद्यमी विनय सिंह के आवास पर किया गया था। जैसे ही रवि किशन और पवन सिंह मंच पर पहुंचे, उत्साहित भीड़ ने नियंत्रण तोड़ दिया। कुर्सियां फेंकी जाने लगीं और टेंट व बैरिकेडिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे स्थिति पूरी तरह अव्यवस्थित हो गई।
भीड़ के अचानक बेकाबू होने से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान कुछ लोग वीआईपी क्षेत्र में घुस गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और चुनौतीपूर्ण हो गई।
स्थिति को संभालने के लिए पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात था, लेकिन हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त फोर्स भी बुलानी पड़ी। एक दर्जन से अधिक थानों की पुलिस और आसपास के जिलों से आए सुरक्षा बलों ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। इस दौरान करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक युवक ने आरोप लगाया है कि नगरा थाने के पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। वहीं एक अन्य वीडियो में पवन सिंह भीड़ को संबोधित करते नजर आते हैं, जिसमें वह कहते हैं कि लोग ही उनके असली समर्थक हैं।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के आधार पर यह देखा जा रहा है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजकों से भी विस्तृत जवाब तलब किया है और कार्यक्रम के दौरान लगाए गए इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।