UP Politics: मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने सालों बाद भी परिवार के बाहर एक भी नेता कांग्रेस पैदा नहीं कर पाई है।
UP Politics: RSS पर प्रतिबंध लगाने की मांग पर यूपी सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) पर जमकर निशाना साधा। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि RSS एक राष्ट्रवादी संगठन है।
उन्होंने कहा कि RSS की शाखा में कोई एक दिन पहुंच जाता है तो वह देश के लिए मर मिटने के लिए तैयार हो जाता है। ऐसी राष्ट्रवादी संस्था पर विपक्ष का बयान खेदजनक है। राष्ट्रवाद से प्रेरित युवा RSS की शाखाओं से ट्रेनिंग लेते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और RJD तीनों पार्टियां परिवार द्वारा संचालित पार्टियां हैं। ये परिवार के भीतर जो भी निर्णय लेते हैं, उसे ही सही मानते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आजादी के इतने सालों बाद भी अपने परिवार के बाहर एक भी नेता पैदा नहीं कर पाई है।
वहीं, बिहार विधानसभा चुनाव के बीच ‘जननायक’ विवाद को लेकर उन्होंने कांग्रेस, RJD और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा तीनों पार्टियां परिवार आधारित हैं। परिवार के लोग ही ऊपर से लेकर नीचे तक बैठे हैं। इनसे जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता है। बिहार की जनता को CM नीतीश कुमार और PM मोदी के नेतृत्व में हो रहा विकास पसंद है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि परिवार का पोषण करने वाली पार्टी कुछ भी कह सकती है। RJD के कार्यकर्ता तेजस्वी को नायक कहेंगे, और कांग्रेस और SP के कार्यकर्ता राहुल गांधी और अखिलेश यादव को जननायक कहेंगे। इन परिवारवाद को बढ़ावा देने वाली पार्टियों को यह समझना होगा कि जननायक कहलाए जाने से कोई जननायक नहीं बनता, यह उपमा जनता देती है। उन्होंने बिहार की NDA सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार की जनता CM नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा करती है। PM मोदी के मार्गदर्शन में बिहार में विकास हो रहा है।