बालोद

Chhattisgarh News: बघमरा में 8 करोड़ से बनेगा बहुउद्देशीय स्टेडियम, 10 एकड़ में विकसित होंगी खेल सुविधाएं

Chhattisgarh Sports News: बघमरा में 8 करोड़ रुपए की लागत से 10 एकड़ में बहुउद्देशीय स्टेडियम बनेगा। इससे एक हजार से अधिक खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और खेल प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं मिलेंगी।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:18 PM IST
Chhattisgarh Sports News
बहुउद्देशीय स्टेडियम का निर्माण (photo Patrika)

Chhattisgarh Sports News: बालोद जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। बघमरा में 8 करोड़ रुपए की लागत से 10 एकड़ क्षेत्र में बहुउद्देशीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत प्रस्तावित इस स्टेडियम से जिले के खिलाडिय़ों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। शासन के बजट में भी इस परियोजना को शामिल किया गया है।

बड़े आयोजनों का खुलेगा रास्ता

वर्तमान में जिले में सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान का अभाव है। जिला मुख्यालय स्थित मौजूदा स्टेडियम भी छोटा और बदहाल है। इसके कारण राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की बड़ी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जिले में नहीं हो पाता। कई बार ऐसे आयोजन दूसरे जिलों में कराने पड़ते हैं। नए स्टेडियम के निर्माण से इस समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।

सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी गई

स्टेडियम के लिए बघमरा में जमीन का चिह्नांकन कर सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। अब शासन के आगामी निर्देशों का इंतजार है। स्वीकृति संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

खेल संगठनों ने किया स्वागत

जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष नामदेव साहू और लक्ष्मण देवांगन ने कहा कि जिले में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण खेल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इससे खिलाडिय़ों को बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने योजना का स्वागत करते हुए जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की। अन्य खेल संगठनों ने भी इस पहल को जिले के लिए महत्वपूर्ण बताया है।

ग्रामीण खिलाडिय़ों को भी मिलेगा लाभ

जिला खेल विभाग के अनुसार जिले में स्कूली और ओपन गेम्स को मिलाकर एक हजार से अधिक खिलाड़ी हैं। इनमें कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाओं को आगे बढऩे का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। नए स्टेडियम से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को भी लाभ मिलेगा।

इन सुविधाओं की होगी व्यवस्था

स्टेडियम में खिलाडिय़ों के लिए ड्रेसिंग रूम, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

स्टेडियम बनने से मिलेगी बेहतर सुविधा

खेल विभाग के सहायक सुभाष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जमीन का चिह्नांकन कर सर्वे रिपोर्ट भेज दी गई है। स्टेडियम बनने से जिले के खिलाडिय़ों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। शासन के बजट में इसके लिए प्रावधान किया गया है। चयनित स्थल का सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार की जाएगी।

—सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, प्रभारी जिला खेल अधिकारी, बालोद

Updated on:
25 Nov 2026, 12:18 PM IST
Published on: