बालोद

Forest Department Raid: बालोद में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सरपंच पति के घर 9 लाख की सागौन लकड़ी बरामद, घर में बनवा रखा था पलंग

Forest Department: बालोद के अंगारी गांव में वन विभाग ने सरपंच पति के घर छापा मारकर करीब 9 लाख रुपये की सागौन लकड़ी, तैयार पलंग, फर्नीचर और लकड़ी से भरा वाहन जब्त किया।
2 min read
Aug 06, 2026
Forest Department Raid
बालोद में सरपंच पति के घर 9 लाख की सागौन लकड़ी बरामद (Photo Patrika)

Balod Forest Departmen Raid: बालोद जिले के ग्राम अंगारी में वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच पति अश्वनी डड़सेना के घर से सागौन लकड़ी और फर्नीचर का जखीरा जब्त किया है। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपए आंकी गई है। वन विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह 11 बजे से दबिश शुरू की थी, जो बुधवार शाम तक जारी रही। टीम जब्त सामग्री का मिलान और पंचनामा बनाने में जुटी है। वन विभाग को इसकी भी जांच करनी है कि लकड़ी आसपास के जंगल से काटी गई है या बाहर से लाकर बेची जा रही थी।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस को लिखा पत्र

अश्वनी डड़सेना ग्राम पंचायत अंगारी की सरपंच ममता डड़सेना के पति हैं। वन विभाग की टीम जब घर पहुंची तो अश्वनी वहां मौजूद थे, लेकिन कुछ देर बाद वे घर के पीछे के रास्ते से निकलकर नदारद हो गए। वे इससे पहले भी जमीन धोखाधड़ी के मामले में जेल जा चुके हैं। वन विभाग ने उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभाग को पत्र लिखकर मदद मांगी है।

घर और खेत में मिला बेशकीमती लकड़ी का भंडार

वन विभाग के अनुसार अश्वनी डड़सेना के घर से मिली सामग्री में 29 नग सागौन के लट्टे शामिल हैं। साथ ही 16 नग सागौन की डेंगरी और सागौन लकड़ी से भरा एक पिकअप वाहन भी मिला है। बड़ी मात्रा में चिरान और सागौन की लकड़ी से बने फर्नीचर के साथ फर्नीचर बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं। गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में छिपाकर रखी गई सागौन लकड़ी को भी जब्त किया गया।

अब इन सवालों का देना होगा जवाब

जब्ती के बाद अब वन विभाग अश्वनी डड़सेना से पूछताछ करना चाहता है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी कहां से लाई गई। लकड़ी कटाई और फर्नीचर निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। इस अवैध धंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पूछताछ के बाद मामले का होगा खुलासा

ग्राम अंगारी में अश्वनी डड़सेना के घर और एक अन्य स्थान से बड़ी मात्रा में सागौन लकड़ी बरामद की गई है। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 9 लाख रुपए है। आरोपी नदारद है। उसकी पतासाजी के लिए पुलिस को पत्र लिखा गया है।
पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

-अभिषेक अग्रवाल,
डीेएफओ, वन विभाग बालोद

Updated on:
06 Aug 2026 02:36 pm
Published on:
06 Aug 2026 02:35 pm