बालोद

Traffic Diverted: बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर यातायात डायवर्ट; बड़े और छोटे वाहनों के लिए अलग रूट, देखें नया रास्ता

Traffic Update:: खैरीडीह पुलिया क्षतिग्रस्त होने से बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर यातायात डायवर्ट किया गया है। बड़े और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Traffic Diverted:
बालोद-राजनांदगांव मार्ग पर यातायात डायवर्ट (Photo Patrika)

Traffic Update: डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर खैरीडीह पुलिया का मध्य हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से से आवागमन जारी रखने पर दुर्घटना की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। यह व्यवस्था पुलिया का संधारण कार्य पूरा होने तक जारी रहेगी।

पुलिया का मध्य हिस्सा क्षतिग्रस्त

जानकारी के अनुसार, खैरीडीह पुलिया का मध्य हिस्सा 5 अक्टूबर की रात क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद मौके की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने बालोद और राजनांदगांव के बीच आने-जाने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजने का निर्णय लिया है। खासतौर पर बड़े मालवाहक वाहनों और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि यातायात का दबाव नियंत्रित रहे और किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।

बड़े मालवाहकों के लिए यह रहेगा रूट

राजनांदगांव से बालोद की ओर आने वाले बड़े मालवाहक वाहनों को देवरी तिवारी फ्यूल्स, सुरेगांव और मालीघोरी होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा। इसी तरह बालोद से राजनांदगांव की ओर जाने वाले मालवाहक वाहन मालीघोरी, सुरेगांव, तिवारी फ्यूल्स देवरी होते हुए आगे जाएंगे। यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के चालकों से अपील की है कि वे खैरीडीह पुलिया की ओर जाने वाले क्षतिग्रस्त मार्ग का उपयोग न करें और निर्धारित डायवर्ट रूट का ही पालन करें।

कार और बाइक के लिए अलग वैकल्पिक रास्ता

छोटे वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। राजनांदगांव से बालोद आने वाले कार और बाइक चालक संबलपुर, भीमकन्हार, परसाडीह, सेम्हरडीह और अछोली होकर बालोद पहुंच सकेंगे। वहीं, बालोद से राजनांदगांव जाने वाले छोटे वाहनों को अछोली, सेम्हरडीह, परसाडीह, भीमकन्हार और संबलपुर के रास्ते से गुजरना होगा।

मरम्मत पूरी होने तक लागू रहेगी व्यवस्था

पुलिया की मरम्मत और संधारण कार्य पूरा होने तक वाहन चालकों को इन वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय डायवर्ट रूट को ध्यान में रखें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित है। ऐसे में वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने निर्धारित मार्ग से ही आवागमन करने की अपील की है।

जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क

यातायात व्यवस्था या परिवर्तित मार्ग से जुड़ी जानकारी के लिए वाहन चालक पुलिस कंट्रोल रूम बालोद के 94791-91160 और यातायात कार्यालय के 94791-91274 पर संपर्क कर सकते हैं।

Updated on:
07 Oct 2026 10:51 am
Published on:
07 Oct 2026 10:49 am