बालोद

Paddy Procurement Issue: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही बड़ा संकट: एग्रीस्टैक में रकबा जीरो, फसल गलत दर्ज

Paddy Procurement 2026 : एग्रीस्टैक पोर्टल की गड़बड़ी से 5700 किसानों का रकबा शून्य दर्ज हो गया है। धान की जगह दूसरी फसल रिकॉर्ड होने से किसान परेशान हैं और सुधार के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 2:34 PM IST
Paddy Procurement 2026
परेशान किसान (photo Patrika)

Paddy Procurement 2026: धान खरीदी शुरू हो गई है, लेकिन एग्रीस्टैक पोर्टल में रकबे की गड़बड़ी ने जिले के करीब 5700 किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसी किसान का रकबा शून्य दिख रहा है, तो किसी के खेत में धान की फसल होने के बावजूद पोर्टल में दूसरी फसल दर्ज है। कई किसानों का रकबा वास्तविक रकबे से कम प्रदर्शित हो रहा है। ऐसे में किसानों को धान बेचने में परेशानी होने की आशंका सता रही है।

5700 किसानों के रकबे में गड़बड़ी सामने आई

इस वर्ष जिले में धान विक्रय के लिए कुल 1,58,572 किसानों ने पंजीयन कराया है। इनमें से करीब 5700 किसानों के रकबे में गड़बड़ी सामने आई है। किसानों का कहना है कि उन्होंने पंजीयन के दौरान सही जानकारी दी थी। बावजूद पोर्टल में गलत प्रविष्टियां दर्ज हो गईं। अब सुधार के लिए उन्हें पटवारी, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और सेवा सहकारी समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

पोर्टल में रकबा शून्य रहा तो धान बिक्री में होगी परेशानी

किसान देवलाल और मोंटू चंद्राकर ने बताया कि धान कटाई शुरू हो चुकी है। जल्द ही वे उपज लेकर समिति पहुंचेंगे। यदि पोर्टल में रकबा शून्य रहा तो धान बिक्री में परेशानी हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से सभी त्रुटियों का शीघ्र निराकरण करने और सुधार की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की है।

खाद्य अधिकारी ने दिया आश्वासन

जिला खाद्य अधिकारी सुधीर गुरु ने बताया कि जिन किसानों के रकबे में गड़बड़ी मिली है, उनका सुधार कराया जा रहा है। एग्रीस्टैक नई व्यवस्था है, इसलिए शुरुआती दौर में तकनीकी समस्याएं सामने आई हैं। राजस्व विभाग के समन्वय से गिरदावरी के आधार पर रकबे को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में परेशानी नहीं होगी और जल्द ही सभी त्रुटियां दूर कर ली जाएंगी। हालांकि विभाग ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि 5700 प्रभावित किसानों में से कितनों का रकबा सुधारा जा चुका है। इससे किसानों की चिंता बरकरार है।

कई बार आवेदन के बाद भी नहीं हुआ सुधार

गड़बड़ी दूर कराने के लिए विभिन्न सरकारी कार्यालयों में किसानों की भीड़ लग रही है। कई किसान तीसरी-चौथी बार आवेदन लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। किसानों का कहना है कि खेतों में धान की फसल खड़ी है और गिरदावरी भी हो चुकी है, फिर भी पोर्टल में गलत जानकारी दर्ज होना समझ से परे है।

Updated on:
19 Nov 2026, 2:34 PM IST
Published on: