जिले के लीड कॉलेज में पत्रिका के भ्रष्टाचार के खुलासे के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। प्राचार्य ने कोतवाली थाने में भी गड़बड़ी करने वाले बाबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है।
बालोद. जिले के लीड कॉलेज में पत्रिका के भ्रष्टाचार के खुलासे के बाद कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जनभागीदारी शुल्क में हुई लाखों की गड़बड़ी मामले में शिक्षा आयुक्त व जिला कलक्टर को जांच के लिए पत्र लिखने के बाद प्राचार्य ने कोतवाली थाने में भी गड़बड़ी करने वाले बाबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। वहीं जनभागीदारी शुल्क जमा करने वाले प्रभारी बाबू कुलेश्वर बघेल अब तक कॉलेज नहीं पहुंचा है। बताया जाता है कि उनकी चुनावी ड्यूटी कलक्टोरेट में चल रही है। इस घटना से कॉलेज शर्मसार हो गया है।
कॉलेज प्रबंधन की होने लगी किरकिरी
कॉलेज के प्राचार्य जेके खलको ने मंगलवार को कोतवाली थाने में जनभागीदारी शुल्क प्रभारी बाबू कुलेश्वर बघेल द्वारा की गई गड़बड़ी के खिलाफ पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज करा दिया है। जिले के लीड कॉलेज में इस तरह की घटना से अब कॉलेज प्रबंधन की किरकिरी होने लगी है।
अब पुलिस लेगी प्राचार्य का बयान फिर बाबू से करेगी पूछताछ
इधर मामले में अब पुलिस पहले तो प्राचार्य से बयान लेगी फिर कॉलेज के बाबू कुलेश्वर से पूछताछ करेगी। इधर कॉलेज प्रबंधन की मानें तो आने वाले दो सप्ताह के भीतर ही शिक्षा आयुक्त से जांच टीम भी आ सकती है, क्योंकि शिक्षा आयुक्त को भी मेल व पत्र से इस मामले की शिकायत गई है। इसमें जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की गई है।
केशबुक में कर दिया शो, पर बैंक में नही की राशि जमा
बाबू कुलेश्वर द्वारा 15 जनवरी के करीब एक और मामले में गड़बड़ी करने की बात सामने आ रही है, जिसमें कुलेश्वर ने कॉलेज के नियमित व अनियमित विद्यार्थियों द्वारा दी जाने वाली जनभागीदारी शुल्क के लगभग 2 लाख 55 हजार 800 रुपए की गड़बड़ी करने की बात कही जा रही है। इसमें बाबू ने कैश बुक में तो राशि को बैंक में जमा कर दिए जाने की जानकारी दी है, पर वास्तविक में यह राशि बैंक में जमा नहीं हुई है।
आलमारी को किया गया है सील
हालांकि प्राचार्य ने इस गड़बड़ी के मामले की जांच जब तक पूरी नहीं हो जाती तब तक बाबू कुलेश्वर की आलमारी को सील कर दिया है। फिलहाल मामले की अब जांच नए प्राचार्य करा रहे हैं।