
बालोद. होली के एक दिन पहले होलिका दहन की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है, लेकिन गुरुर विकासखंड के सोहपुर गांव में बीते 150 साल से होलिका दहन नहीं किया गया है। इसका कारण जानकार आप भी हैरान रह जाएंगे। ग्रामीणों ने बताया कि जब भी होलिका दहन किया जाता था तो गांव में आग के गोले बरसने लगते थे। किसी न किसी के घर में आगजनी की घटना होती थी। ऐसे में बुजुर्गों ने मिलकर होलिका दहन नहीं करने का फैसला किया। तब से लेकर आज तक सोहपुर में होलिका नहीं जलती।
तीन एकड़ जमीन दान देकर मंदिर की स्थापना
सोहपुर के 60 वर्षीय पटेल तुका राम सोरी ने बताया की बुजुर्गो के मुताबिक आज से लगभग डेढ़ सौ साल पहले इस गांव में होलिका जलाने से गांव में आग लग जाता था। इस आगजनी की घटना से पूरा गांव परेशान था। यही नहीं जब पूरा गांव इस परेशानी को लेकर ज्योतिषाचार्य से मिले तो गांव में भगवान हनुमान की मूर्ति स्थापित कर विधि विधान से पूजा अर्चना करने की दिशा निर्देश ग्रामीणों को दिए गए।
रंग-गुलाल से सूखी होली
भगवान हनुमान की मूर्ति स्थापना और मन्दिर निर्माण के लिए गांव के कुम्भज लाल सोरी के परिवार ने तीन एकड़ जमीन दान में दिए। दान की जमीन पर मंदिर बनाने के बाद से गांव में आगजनी की घटना बंद हो गई। होलिका दहन के दिन पूजा पाठ करके ग्रामीण रंग गुलाल की होली खेलते हैं।
24 घण्टे का रामधुनी का जाप
ग्रामीण उपाध्यक्ष जोत साहू ने बताया की गांव में हर साल अप्रैल माह में ग्रामीण मिलकर 24 घण्टे रामधुनी का जाप करते है। लोग भगवान हनुमान, भगवान राम की भी विशेष पूजा करते हैं। रामधुनी के जाप से गांव में किसी तरह की घटना नहीं हो रही है। ग्रामीणों के मुताबिक आज भी गांव के जमीन को खोदने पर जमीन के अंदर जले अवशेष मिलते है जो इसका प्रमाण है कि यहां पहले आगजनी की घटना होती थी।