बालोद

छत्तीसगढ़ इन गांवों के 150 किसानों से ली जाएगी जमीन, बनाएंगे नई सड़क, बालोद में काम शुरू

Chhattisgarh News: दल्लीराजहरा में जल्द ही नई बाईपास सड़क की सौगात मिलने वाली है। इसे लेकर काम शुरू हो गया है। वहीं सड़क की जद में आने वाले 150 किसानों से जमीन ली जाएगी..

2 min read
Jun 10, 2026
Chhattisgarh news, balod news
बालोद में 150 किसानों से ली जाएगी जमीन ( Photo - Patrika )

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बालोद की सबसे बड़ी नगर पालिका दल्लीराजहरा में यातायात दबाव कम करने के लिए जल्द ही बायपास की सौगात मिलने वाली है। पूर्व बजट में शामिल 80 करोड़ के प्रोजेक्ट को लेप्स कर अब इस साल बजट में फिर शामिल किया गया है। यह बायपास जमही से चोरहापड़ाव तक 18 किमी लंबा होगा। बजट में शामिल होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा है। शासन से राशि जारी करने के बाद सर्वे शुरू होगा।

Chhattisgarh News: दो फेस में बनेगा बायपास

लोक निर्माण विभाग के मुताबिक सर्वे, भूअर्जन मुआवाजा, फारेस्ट व विद्युत विभाग के कार्यों सहित 23 करोड़ 86 लाख रुपए का स्टीमेट शासन को भेजा गया है। बायपास दो फेस में बनेगा। प्रथम चरण में सर्वे व मुआवजा प्रक्रिया और दूसरे चरण में सडक़ निर्माण का कार्य किया जाएगा। सडक़ के बीचोंबीच डिवाइडर भी बनेगा। बायपास निर्माण की मांग कई वर्षों से हो रही है। मुख्य उद्देश्य दल्लीराजहरा शहर के अंदर से गुजर रहे मालवाहक व माइंस की गाडिय़ों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना है। इन वाहनों से शहर के भीतर दुर्घटनाएं हो रही है। शहर में लग रहे जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बायपास निर्माण की मांग की जा रही है।

ऐसे बनेगा बायपास

वर्तमान प्रोजेक्ट के अनुसार बायपास जमही से धोबनी, कुरुभाट, पुत्तरवाही, कोकन, चिखलाकसा, गुंडराटोला, साल्हे, जमरूवा होते हुए गोटुलमुंडा, चोरहापड़ाव के पास निकलेगा। बड़े मालवाहक वाहन शहर के भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर गुजरता है, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अब राजहरा पुलिस ने नो एंट्री शुरू किया है। मुख्य सडक़ पर सुबह 9 से दोपहर 12 और शाम 5 से रात 10 बजे तक बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री है। नो एंट्री का समय समाप्त होता है, तब शहर से आयरन ओर से भरे वाहनों को छोड़ा जाता हैं तो मुख्य मार्ग पर लंबी कतार लग जाती हैं।

18 किमी लंबे बायपास के दायरे में 150 किसानों की जमीन आएगी

दल्लीराजहरा बायपास बनना तय है, लेकिन अभी थोड़ा समय लगेगा। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक 17.6 किमी तक बनने वाली इस सडक़ के लिए लगभग 150 किसानों के जमीन आएगी। यह पुराने सर्वे के आधार पर है। इस बार जो सर्वे किया जाएगा, उनमें भी लगभग इतने ही किसानों की जमीन आएगी।

कुसुमकसा से दल्लीराजहरा, चोरहापड़ाव तक हर साल होती हैं 10 मौतें

आंकड़े देखें तो कुसुमकसा से दल्लीराजहारा, चोरहापड़ाव तक भारी वाहनों से आए दिन दुर्घटना की आशंका रहती है। इस मार्ग में ही सालभर में लगभग 10 मौतें हो जाती है। भारी वाहन जैसे 14 चक्का, बड़ी ट्रेलर गाडिय़ों की तेज रफ्तार से सडक़ दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद

लोक निर्माण विभाग के ईई पूर्णिमा चंद्रा ने कहा कि जमही से चोरहापड़ाव तक दल्लीराजहरा बायपास निर्माण की योजना है। पूर्व बजट में शामिल कार्य लेप्स हो गया है। इस साल के बजट में पुन: 18 किमी के बायपास को शामिल किया गया है। प्रारम्भिक में सर्वे व भूअर्जन का कार्य किया जाएगा। सडक़ निर्माण के लिए अलग से स्वीकृति मिलेगी। उम्मीद है जल्द शासन इस प्रोजेक्ट पर सर्वे की अनुमति देकर कार्य शुरू कराएगा।

Updated on:
10 Jun 2026 03:19 pm
Published on:
10 Jun 2026 02:08 pm