Truck Accident: तेज रफ्तार पर रोक लगाने के साथ नेशनल हाइवे के ठेकेदार और एसडीओ पर कार्रवाई की जाए। लगभग 45 मिनट तक प्रदर्शन चला।
Truck Accident: बालोद जिले के ग्राम गुजरा के पास नेशनल हाइवे में तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद ट्रक चालक ने थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। दुर्घटना बुधवार रात 9.30 बजे की है। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों शवों को सडक़ पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा दिया जाए और वाहनों के तेज रफ्तार पर रोक लगाने के साथ नेशनल हाइवे के ठेकेदार और एसडीओ पर कार्रवाई की जाए। लगभग 45 मिनट तक प्रदर्शन चला। तहसीलदार देवेंद्र नेताम के कार्रवाई के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
मृतकों में ग्राम गुजरा निवासी डोमार सिंह व एक अन्य व्यक्ति शामिल है, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं एक साथी घटना के बाद मौके से भाग गया। बताया जा रहा है कि एक ही मोटरसाइकिल से तीनों वापस गांव गुजरा जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।
चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि सडक़ गुणवत्ताहीन बनाई गई है। सडक़ की मरम्मत के लिए लगभग पांच इंच गड्ढा खोद कर डामर गिट्टी निकाली गई है। किसी भी प्रकार का संकेतक व स्टापर नहीं लगाया गया है। मोटर साइकिल जब गड्ढे में गई तो अनियंत्रित हो गई और ट्रक की चपेट में आ गए।
ग्रामीणों की माने तो गुजरा से जमही तक नेशनल हाइवे से डर लगने लगा है। डेढ़ माह के भीतर ही गुजरा से जमही टोल प्लाजा तक लगभग 7 लोगों की मौत सडक़ दुर्घटना में हो चुकी है। इन 7 मृतकों में से चार मृतक तो ग्राम गुजरा के ही हैं।
नेशनल हाइवे एसडीओ अनिल छारी ने कहा कि बीती रात सडक़ दुर्घटना में हमारी कोई गलती नहीं है। सडक़ मरम्मत कार्य चल रहा है संकेतक भी लगाया गया है। नियम के तहत काम किया जा रहा है।
सडक़ दुर्घटना में एक मृतक की पहचान हुई है। दूसरे मृतक की पहचान की जा रही है। ट्रक जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।
-शिशुपाल सिन्हा,
थाना प्रभारी, बालोद