बालोद

छलका तांदुला जलाशय, खरखरा भी ओवरफ्लो, पर्यटक सुंदर दृश्य देखने पहुंच रहे

अच्छी बारिश के कारण तीन साल बाद बालोद, दुर्ग, बेमेतरा का जीवनदायिनी तांदुला जलाशय छलक गया है। इसी तरह खरखरा जलाशय भी छलक गया है।

3 min read

बीते दिनों हुई अच्छी बारिश के कारण तीन साल बाद बालोद, दुर्ग, बेमेतरा का जीवनदायिनी तांदुला जलाशय छलक गया है। इसी तरह खरखरा जलाशय भी छलक गया है। बुधवार को तांदुला जलाशय के सुबह से ही छलकने की सूचना मिलते ही दूर-दूर से पर्यटक सुंदर दृश्य को देखने पहुंचे। कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश के कारण दुर्ग संभाग का सबसे बड़ा जलाशय अपने पूरे शवाब में छलकने लगा। तांदुला जलाशय में जलभराव क्षमता 38.50 फीट है। वर्तमान में यहां 38.70 फीट पानी भरा है। ओवरफ्लो दीवार से लगभग दो इंच ऊपर से पानी गिर रहा है।

खरखरा जलाशय

850 क्यूसेक पानी वेस्टवियर दीवार से छलक रहा

सिंचाई विभाग की माने तो तांदुला जलाशय से लगभग 850 क्यूसेक पानी वेस्टवियर दीवार से छलक रहा है। पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इसके बाद भी पर्यटकों की लापरवाही भी देखने को मिल रही है। ओवरफ्लो दीवार के पास जाकर फोटो और सेल्फी ले रहे हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें :

नदी किनारे गांवों में अलर्ट जारी

तांदुला प्रदेश का तीसरा सबसे बड़ा जलाशय है। इसके छलकने के साथ तांदुला नदी भी उफान पर है। नदी के किनारे बसे गांवों में पहले से मुनादी करवा दी गई है। राहत और बचाव के लिए जिला प्रशासन की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।

साल 2022 के बाद अब छलका तांदुला

सिंचाई विभाग के मुताबिक तांदुला जलाशय इससे पहले 15 अगस्त 2022 को छलका था। इस दौरान 39 फीट पानी भरा था। इस बार 3 सितंबर को छलक गया।

यह भी पढ़ें :

तांदुला में कब कितना जलभराव

सन् 2013 में 38.70 फीट पानी भरने से ओवरफ्लो हुआ था। 6 अगस्त 2014 को तांदुला में 38.80 फीट पानी भरने से 13 दिनों तक ओवरफ्लो रहा। 28 अगस्त 2018 को 38.50 फीट जलभराव से ओवरफ्लो हुआ था। 15 अगस्त 2022 को तांदुला में 39 फीट से ज्यादा पानी भरने से ओवर फ्लो हुआ था।

जिले के जलाशयों में जलभराव की स्थिति

जलाशय - जलभराव प्रतिशत में
तांदुला - 100.90 (ओवरफ्लो)
खरखरा - 100 (ओवरफ्लो)
मटियामोती - 99.81
गोंदली - 87.27

इस मानसून में किस तहसील में कितनी बारिश

तहसील-बारिश मिमी
बालोद -1098.3
गुरुर - 872.2
गुंडरदेही - 975
डौंडीलोहारा - 1019
डौंडी - 1026
अर्जुंदा - 963
मार्री बंगला देवरी - 1075 मिमी

बेमेतरा जिले के किसानों की मांग पर छोड़ा 100 क्यूसेक पानी

इधर बेमेतरा जिला के बेरला ब्लॉक क्षेत्र में अल्प वर्षा हुई है। किसानों की मांगों को देखते हुए बुधवार दोपहर तांदुला जलाशय का मुख्य गेट को खोल दिया गया है। तांदुला नहर के माध्यम से 100 क्यूसेक पानी खेतों में पहुंच रहा है। कुछ दिन पहले सेलूद के पास माइनर टूट गई थी। इसके कारण गेट को बंद कर दिया था। मरम्मत के बाद फिर गेट खोला गया है।

जिले के लिए अच्छी खबर

जल संसाधन विभाग बालोद के ईई पीयूष देवांगन के अनुसार तांदुला जलाशय ओवरफ्लो हो चुका। अन्य प्रमुख जलाशय खरखरा, व मटियामोती में शतप्रतिशत जलभराव है। ये अच्छी खबर है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में गोंदली जलाशय भी शतप्रतिशत भर जाएगा। जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस बल लगाया गया है। पर्यटकों से भी अपील कर रहे हैं कि वे ओवरफ्लो दीवार के नजदीक न जाएं।

Also Read
View All

अगली खबर