डौंडी विकासखंड के ग्राम जुनवानी के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर बीते साल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जुनवानी से चिखली तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिली है।
डौंडी विकासखंड के ग्राम जुनवानी के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर बीते साल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जुनवानी से चिखली तक सड़क निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिली है। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने घोषणा के अनुरूप प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द मुख्यमंत्री प्रशासकीय स्वीकृति दिलाएंगे।
बीते साल मई में दल्लीराजहरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जुनवानी से चिखली मार्ग निर्माण के लिए 11 करोड़ 47 लाख रुपए की घोषणा की थी। इसके बाद ग्रामीणों में उत्साह था। फिलहाल यह मामला शासन स्तर पर चल रहा है।
यह भी पढ़ें :
जानकारी के मुताबिक जुनवानी से चिखली 5.25 किमी की सड़क को पहाड़ काटकर बनाने की योजना है। लेकिन ग्रामीणों व लोक निर्माण विभाग को प्रशासकीय स्वीकृति का इंतजार है।
ग्रामीणों ने पहले इस मार्ग का जनसहयोग से समतलीकरण किया था। लागत ज्यादा आने की अनुमान व सरकार से आस के कारण ग्रामीण रुक गए थे। जनपद पंचायत डौंडी के पूर्व सदस्य संजय बैस ने बताया कि जुनवानी से चिखली तक पक्की सड़क तैयार होने के बाद चिखली, खड़बत्तर, कोड़ेकसा, रेंगाडबरी, मंगचुवा, भंवरमरा, गोटाटोला, चौकी, मानपुर, मोहला, महाराष्ट्र बॉर्डर से लगे गांव के लोगों को फायदे होंगे। इससे समय भी बचेगा, सफर आसान होगा। उम्मीद है कि जल्द शासन स्तर पर आगे की कार्रवाई करेगी।
यह भी पढ़ें :
जिला पंचायत सदस्य बालोद नीलिमा श्याम ने कहा कि जुनवानी से चिखली मार्ग को बनाना बहुत जरूरी है। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की है। शासन स्तर पर अभी प्रक्रिया चल रही है, लेकिन जल्द इस मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया पूरी करना चाहिए, जिससे क्षेत्र व गांव के लोगों को इसका लाभ मिले।
लोक निर्माण विभाग के ईई पूर्णिमा चंद्रा ने कहा कि इस मार्ग को बनाने मुख्यमंत्री ने घोषणा की है। हमने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। शासन से प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद आगे पहल की जाएगी। जल्द प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।