
बालोद. शहर सहित जिलेभर में आजकल युवाओं को वाहनों में बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली गाडिय़ों को सरपट सड़कों पर दौड़ाते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं लोगों को आकर्षित करने नंबर प्लेट में नंबरों की जगह अजीब, स्टाइलिश डिजाइन वाले नंबर या नाम लिखवाकर पुलिस विभाग की परेशानी पैदा कर रहे हैं। इसमें कोई पदनाम बता रहा है, तो कोई डायलाग मार रहा है।
ज्ञात रहे युवा यातायात नियमों के खिलाफ काम कर रहे हंै। वाहन खरीदी के साथ रजिस्ट्रेशन में स्पष्ट निर्देश है कि निर्धारित मापदंड के आकार के नंबर प्लेट व कलर का उपयोग कर गाडिय़ों में नंबर लिखवाया जाना है, पर युवा इसे धता बताते हुए नियमों के खिलाफ बेढंगे तरीके से नंबर प्लेट लगाकर परेशानी खड़ी कर रहे हैं। ऐसा कर वे स्वयं के साथ पालकों के लिए भी परेशानियां खड़ी कर रहे हैं।
वाहन मालिकों व चालकों को दे रहे समझाइश
इधर यातायात पुलिस भी ऐसे वाहन चालकों पर लगाम लगाने के लिए कमर कस ली है। बेतरतीब आकार के नंबर प्लेटों व बिना नंबर वाली गाडिय़ों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। विभाग सड़कों में दौड़ रहे ऐसे वाहनों को रोककर चालानी कार्रवाई कर रहे हैं। वहीं वाहन मालिकों व चालकों को कड़ी समझाइश भी दी जा रही है।
नंबर प्लेट बता रहा हम नहीं किसी से कम
यातायात कानून का उल्लंघन करने में कोई किसी से पीछे नहीं दिखता। दूसरी ओर देखा जाता है कि आम लोगों पर रौब जमाने के लिए कुछ पुलिसकर्मी भी अपनी बाइक के आगे-पीछे नंबर प्लेट पर पुलिस लिखवाए देखे जा सकते हैं। इसके आलावा राजनीतिक पार्टियों के लोग व प्रेस से जुड़े लोग भी कानून का मजाक उड़ाते दिखते हैं। पार्षद से लेकर सरपंच तक और सदस्य से लेकर अध्यक्ष तक के वाहनों की नंबर प्लेट पर उनका पदनाम लिखा होता है। यही नहीं स्कूल का शाला नायक भी अपनी गाड़ी के नम्बर प्लेट में पद नाम लिखवाने लगे हैं।
लूट, दुर्घटना या अन्य तरह के वारदात में पीडि़त नहीं समझ पाता नंबर
उल्लेखनीय है कि जिलेभर में ऐसे वाहन बड़ी तादाद में सड़कों पर देखे जा रहे हैं, जिन पर स्टाइलिश और अनेक तरह के अस्पष्ट नंबोर लिखे रहते हैं। कई वाहनों के नंबर प्लेट पर स्टेटस बताए जा रहे हैं। किसी में नाम, कोई राजनीतिक पदनाम, डायलाग या अजीब आकार के लिखे देखा जा सकते हैं, जो कि नियम विरुद्ध है। गलत तरीके से नंबर लिखे होने के कारण लूट, दुर्घटना या अन्य तरह के वारदात होने पर बदमाशों के वाहनों के नंबर पीडि़त व्यक्ति समझ नहीं पाता, ऐसे में अपराधी आसानी से बच निकलते हैं। ऐसी स्थिति में उन तक पहुंचने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर की जाएगी सख्त कार्रवाई : यातायात प्रभारी
जिले की पहली महिला यातायात प्रभारी सत्यलता रामटेके ने बताया यातायात कानून का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही उन्हें समझाइश भी दी जाएगी। बेसाइज या बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर हमारी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही बिना लाइसेंस, बिना कागजात तथा यातायात नियमों के विपरीत चलने वालों पर यातायात विभाग की कार्रवाई से जूझना पड़ेगा। यही नहीं जो कम उम्र के बच्चे हैं जो वाहन चला रहे हैं उन पर भी अब कार्रवाई करने की तैयारी में हैं।