बालोद

तेज हवा-तूफान में कमजोर होर्डिंग गिरने का खतरा

बालोद जिला मुख्यालय में दिनों-दिन होर्डिंग की संख्या बढ़ रही है, जिन्हें बड़े-बड़े भवनों और सड़कों-चौक चौराहों पर लगाया जा रहा है। इन ऊंचे भवनों पर लगे होर्डिंग की गुणवत्ता और मजबूती की जांच नहीं की गई है, जिससे वे लोगों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। आगामी दो माह बाद मानसून सीजन की […]

2 min read

बालोद जिला मुख्यालय में दिनों-दिन होर्डिंग की संख्या बढ़ रही है, जिन्हें बड़े-बड़े भवनों और सड़कों-चौक चौराहों पर लगाया जा रहा है। इन ऊंचे भवनों पर लगे होर्डिंग की गुणवत्ता और मजबूती की जांच नहीं की गई है, जिससे वे लोगों के लिए खतरा साबित हो सकते हैं। आगामी दो माह बाद मानसून सीजन की शुरुआत होने वाली है, जिसमें तेज हवा और तूफान के कारण कमजोर होर्डिंग गिरने का खतरा बना रहता है, इसलिए जिले में कमजोर होर्डिंग को हटाने की जरूरत बताई गई है।

11 केवी तार पर 2023 में गिरा था होर्डिंग

सड़कों व चौक चौराहे में लगे यूनिपोल (होर्डिंग) खतरे का साइन बोर्ड बनकर रह गए हैं, क्योंकि इनके कटे-फटे फ्लैक्स किसी भी समय गिरकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इन यूनिपोल के संचालक सरकार के दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं, लेकिन इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। बीते साल मुंबई में तूफान के दौरान एक होर्डिंग गिरने से लगभग 18 लोगों की मौत हो गई थी। इसी तरह, साल 2023 में बालोद जिला मुख्यालय में भी एक होर्डिंग ग्यारह केवी तार पर गिर गया था, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। बता दें कि शहर में होर्डिंग लगाने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है और उनकी अनुमति के बिना होर्डिंग नहीं लगाए जा सकते। हालांकि, यहां कुछ होर्डिंग ऐसे भी हैं जो बिना अनुमति के ही लगाए गए हैं। नगर पालिका को होर्डिंग की गुणवत्ता पर ध्यान देना चाहिए।

यह भी पढ़ें :

खंभों पर होर्डिंग और पोस्टर से विद्युत विभाग परेशान

जिला मुख्यालय में कई बार होर्डिंग के फ्लेक्स फटकर विद्युत तारों में फंस चुके हैं, जिससे बिजली फाल्ट की समस्या उत्पन्न होती है। गंजपारा से लेकर दल्ली मार्ग और झलमला तक के नेशनल हाईवे पर कई होर्डिंग ऐसे हैं जिनकी दोबारा जांच नहीं हुई है, जहां हजारों लोगों की आवाजाही बनी रहती है। विद्युत विभाग भी होर्डिंग से परेशान है और उसने लोगों से बिजली के खंभों पर होर्डिंग या पोस्टर न लगाने की अपील की है, क्योंकि इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा रहता है और फाल्ट ढूंढने में भी परेशानी होती है।

यह भी पढ़ें :

जानकारी लेकर की जाएगी कार्रवाई

नगर पालिका अधिकारी बालोद मोबिन अली ने कहा कि शहर में होर्डिंग की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जाएगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी मांगेंगे

नगर पालिका बालोद के नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी ने कहा कि इस विषय पर नगर पालिका में चर्चा की जाएगी और नगर पालिका से जानकारी मांगेंगे कि कितना होर्डिंग वैध है व कितना अवैध।

Also Read
View All