
नीरज उपाध्याय/सतीश रजक
बालोद. देश को आजादी मिले ७१ साल हो गए हैं। बुधवार को हम ७२वां वर्षगांठ मनाएंगे। हर साल की तरह इस बार भी पूरा देश जश्न में डूबा रहेगा, पर देश को आजाद कराने में अग्रेजों का जुल्म सहने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का परिवार इस बार भी गुुमनामी के अंधेरे में रहेगा।
गुलामी के खिलाफ खून के आंसू बहाकर इनके परिवार को क्या मिला?
जी हां.. मैं सच कह रहा हूं। आश्चर्य होगा कि बालोद जिले में ऐसे अनेक अनेक परिवार हैं जिनके पूर्वजों ने देश के लिए अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया था। छत्तीसगढ़ बनने के बाद हो, या नया जिला बनने के बाद भी उन्हें पहचान नहीं मिल पाई है। दुख की बात ये है कि अंगे्रजों की गुलामी के खिलाफ खून के आंसू बहाने वाले इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का नाम जिला प्रशासन की सूची तक में नहीं है। मामले में पत्रिका की टीम ने जब जिला प्रशासन से बात की, तो अधिकारी ने साफ कहा उनकी जानकारी आप से मिल रही है। ऐसे में कहा जाए नया राज्य बनने के बाद इन्हें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का मिला दर्जा छीन गया है। इसलिए इनके परिवार को सरकार से कोई सुविधा या सम्मान नहीं मिलता।
नहीं जानता कोई कि उनके गांव में है सेनानियों का परिवार
यह विडंबना बालोद जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर ग्राम निपानी का है, जहां पत्रिका की टीम गांव पहुंचकर लोगों से चर्चा की, तो पता चला कि वे इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बारे में वे जानते ही नहीं। आपको बता दें कि इस गांव के 7 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश को आजाद कराने में अंग्रेजों के खिलाफ अहम भूमिका निभाते हुए 4 साल जेल में रहकर अंग्रेजों की प्रताडऩा सही। आपको बता दें कि मध्यप्रदेश के समय दुर्ग कलक्टर से इन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार को ऐसे राष्ट्रीय पर्व के समय निमंत्रण देकर कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता रहा है।
दुर्ग की बजाय अनाज को राजनांदगांव ले जाने के खिलाफ अंग्रेजों ने भेज दिया था जेल
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामदयाल के बेटे फिरतु राम ने बताया कि गांव में कुल 7 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं। सभी अंग्रेजों की गुलामी का विरोध करते रहे हैं। इन्हें अंग्रेज मुखबीर समझते थे। 1943 में गांव के गिरधारी, रामचरण, मनसा राम, दयाल दास, लोकनाथ, उधो राम, गोविंद दास गांव के खेत में बोए तिवरा, उड़द, गेहंू आदि की कटाई कर उसे बेचने दुर्ग जाने वाले थे, जहां भाव कम होने की वजह से तिवरा, गेहंू, उड़द को बेचने राजनांदगांव ले जा रहे थे तभी अंग्रेजों के दल ने अंजोरा के पास सभी को रोक लिया और बैल-गाड़ी सहित अनाज को जब्त कर लिया। वहीं सभी सातों को जेल में बंद कर दिया। जो चार साल बाद देश को 1947 में आजादी मिली तब जेल से रिहा किया गया।
प्रशासन इनकी पहली पीढ़ी को ही नहीं दे पाया सम्मान
प्रत्यक्ष जानकारी अनुसार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार व उनके बेटे आज वृद्धा पेंशन सहित सरकारी योजनाओं से वंचित हैं। इनकी पहली पीढ़ी को भी शासन सम्मान नहीं दे पा रहा है। उम्र के अंतिम पड़ाव में भी उनके पूर्वजों के बलिदान का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। पेंशन योजनाओं से भी वंचित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इनका परिवार शासन-प्रशासन से योजनाओं का लाभ मांग रहा।
1973 में मध्यप्रदेश शासन ने दिया प्रमाण पत्र
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मनसा राम के बेटे डोमार ने बताया कि 1973 में अविभाजित मध्यप्रदेश शासन काल के तात्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश चंद शे_ी ने सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को बुलवाकर उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा था। उनके परिवार को सम्मान के तहत सेवा की थी। दुर्ग जिले में उनकी सूची भेजकर हर राष्ट्रीय पर्व में आमंत्रित करने के आदेश दिए थे। उन्हें दुर्ग जिले के समय पूरा सम्मान मिलता रहा है, पर बालोद जिला बनने के बाद वे गुमनामी में हैं।
पेंशन के लिए तीन साल से चक्कर
ग्राम गोडऱी निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामचरण के बेटे कुशल राम ने बताया उनकी उम्र 70 साल हो गई है, पर अभी तक उन्हें वृद्धा पेंशन तक नहीं मिलता। यही नहीं उनकी पत्नी को भी शासन की योजना का लाभ नहीं मिलता। बीते तीन साल से पेंशन के लिए प्रयास कर रहे हैं, पर किसी भी अधिकारी जनप्रतिनिधि ने हमारी ओर ध्यान नहीं दिया। उम्र के अंतिम पड़ाव में वृद्धा पेंशन के लिए विभागों के चक्कर काट रहे हैं।
परिवार की स्थिति जानने नहीं पहुंचा कोई
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उद्धो राम के बेटे शंकर लाल ने बताया उन्होंने मध्यप्रदेश शासन काल में कई बार शासन-प्रशासन के चक्कर काटे ताकि कुछ शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके, पर अभी तक सिर्फ चक्कर ही काट रहे हैं। किसी ने गांव की स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार की स्थिति जानने नहीं पहुंचा। छत्तीसगढ़ बनने के बाद भी वही स्थिति में हैं। आज हम गरीबी रेखा में जीवन जी रहे हैं। शंकर लाल ने मांग की है कि सेनानियों के परिवार के बेरोजगारों को रोजगार दे। योजनाओं का लाभ दिलाए।
देश के लिए जेल जाने वालों की उपेक्षा दुखदाई
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोविंद दास की बेटी जमुना बाई ने बताया कि उन्हें उनके पिता की याद तो आती है, पर देश के किए जेल गए उनकी उपेक्षा दुखदाइ है। हमारे पिता ने देश के लिए अंग्रेजों से मार खाए, यातनी सही, पर गांव में इतने स्वतत्रता संग्राम सेनानी होते हुए भी शासन-प्रशासन यहां की सुध तक नहीं ले रहा है। गांव को गौरव ग्राम का दर्जा मिला है पर भी हमारी स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं है।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से जाना जाए निपानी
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मनसा राम के बेटे डोमार ने बताया कि गांव में इतने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हैं ये बात कोई नहीं जानता। खासकर नई पीढ़ी इन बातों से पूरी तरह अनजान हैं। यह विडंबना ही है कि मारे पिता ने हम सब को अंग्रेजों की गुलामी से बचाने, उनकी यातना सही। जेल गए, अनेक कष्ट सके, पर उसका फल उनकी पीढ़ी को नहीं मिल रहा। हम चाहते हैं सेनानियों को नाम मिले। इस गांव को स्वतंत्रता सेनानियों के नाम से जाने इस ओर शासन-प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।