
Seized truck
अंबिकापुर. इन दिनों शहर में पीडीएस चावल की हेराफेरी का गोरखधंधा तेजी से फल-फूल रहा है। सरकारी चावल को राइस मिलर्स अवैध तरीके से ब्लैक में बेच कर मोटी रकम कमा रहे है। इस गोरखधंधे पर अंकुश लगाने पुलिस भी सक्रिय हो गई है, इसी कड़ी में कुछ दिन पूर्व एक पिकअप सरकारी चावल गांधीनगर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने जब्त किया था। अब लखनपुर पुलिस ने सरकारी चावल की तस्करी कर रहे एक ट्रक को पकड़कर चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार को शुक्रवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में सरकारी चावल को हेराफेरी करने ले जाया जा रहा है। ट्रक अंबिकापुर से रायपुर की ओर रवाना हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने ट्रक का नंबर ट्रेस करवाया। उन्होंने लखनपुर और उदयपुर पुलिस को ट्रक को पकडऩे के निर्देश दिए।
एसपी का निर्देश मिलते ही लखनपुर और उदयपुर पुलिस सक्रिय हो गई। दोनों थाने की पुलिस ने अपने अपने क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। लखनपुर पुलिस की एक टीम थाने के ठीक सामने अंबिकापुर की ओर से आने वाली सभी ट्रकों की जांच करने लगी। इधर पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गये ट्रक नबंर सीजी 04 एमएफ -2348 ट्रक को अंबिकापुर की ओर से आते पुलिस टीम ने देखा।
पुलिस की टीम ने जब उस ट्रक को रुकवाकर जांच की तो पुलिस के होश उड़ गए। लखनपुर पुलिस ने 50-50 किलो से भरा पीडीएस चावल की 198 बोरी ट्रक से जब्त की। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक रायपुर जिले के ग्राम छछान पैरी निवासी हरेंद्र चंदाने को गिरफ्तार कर लिया।
नहीं थे कोई दस्तावेज
चालक के पास से चावल परिवहन को लेकर किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं मिले। चालक ने बताया कि वह खरसिया चौक स्थित बंसल ट्रेडिंग से चावल लोड कर रायपुर स्थित ग्राम खरोरा राइस मिल लेकर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3 (क) व 7 इसी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया। कार्रवाई में एसआई बीडी यादव व एएसआई बृजकिशोर पांडेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
सूचना मिलते ही ट्रक को ट्रेस कर पुलिस ने पकड़ा तेजी से कार्रवाई की गई है। जिले में बढ़ते पीडीएस चावल की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सदानंद कुमार, पुलिस अधीक्षक सरगुजा
Published on:
17 Aug 2018 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allअंबिकापुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
