
Kasdol River Flood: प्रदेश में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। वनांचल सहित कई क्षेत्रों में छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच कसडोल थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल तुरतुरिया (लव-कुश की जन्मस्थली) में बड़ा हादसा टल गया। यहां बालमदेही नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से करीब 250 श्रद्धालु और पर्यटक बाढ़ के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक तुरतुरिया माता के दर्शन और प्राकृतिक स्थल का भ्रमण करने पहुंचे थे। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण बालमदेही नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते नदी उफान पर आ गई और दोनों ओर का संपर्क टूटने से श्रद्धालु बीच में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करते हुए एक-एक कर सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को घबराने के बजाय संयम बनाए रखने की अपील की। पुलिस और स्थानीय लोगों के समन्वय से सभी लोगों को बिना किसी जनहानि के सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यदि समय पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो तेज बहाव के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू अभियान सफल रहा और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा के दौरान मौसम और जलस्तर की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। बारिश के दौरान उफनती नदियों को पार करने या उनके किनारे जाने से बचना ही सुरक्षित है।