
Jungle Safari: बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्ध बारनावापारा वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन गतिविधियां ग्रामीणों की हड़ताल के चलते ठप पड़ी हैं। अभयारण्य से लगे 21 गांवों के हजारों ग्रामीण बिजली की मांग को लेकर 1 नवंबर से रवान बैरियर पर धरने पर बैठे हैं। इसके चलते पर्यटन सीजन शुरू होने के 18 दिन बाद भी सफारी का संचालन नहीं हो पाया है। जंगल की सैर करने पहुंच रहे पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, पर्यटन से जुड़े कारोबार और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं पर भी असर पड़ रहा है।
सफारी संचालन ठप होने का असर केवल पर्यटकों तक सीमित नहीं है। इससे जीप चालकों, गाइडों, दुकानदारों और भोजन व आवास से जुड़े कारोबारियों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है। पर्यटकों की आवाजाही से आसपास के गांवों में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। लेकिन मौजूदा हालात में रिसॉर्ट, डाक बंगले और पर्यटक मार्ग सूने पड़े हैं। सफारी की सुविधा नहीं मिलने पर पर्यटक दूसरे पर्यटन स्थलों का रुख कर सकते हैं। इससे अभयारण्य की पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल बारनावापारा अभयारण्य में पर्यटन सीजन के दौरान सफारी शुरू नहीं हो पाना वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। आखिर 21 गांवों के ग्रामीणों की नाराजगी दूर करने के लिए समय रहते प्रभावी पहल क्यों नहीं हुई, क्या विभाग और ग्रामीणों के बीच संवाद की कमी इस गतिरोध की वजह है, पर्यटन विकास के साथ स्थानीय ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों की अनदेखी भी अब चर्चा का विषय बन गई है। वनमंडलाधिकारी पंकज कमल ने इस संबंध में बताया कि हड़ताल पर बैठे ग्रामीणों से कई चरणों में चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
जंगल के भीतर विद्युत लाइन बिछाने से जुड़े नियमों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई है। जिला प्रशासन की पहल पर क्रेडा के माध्यम से सोलर पैनल लगाने का काम किया जा रहा है। अंडरग्राउंड विद्युत लाइन बिछाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। हड़ताल के कारण सफारी जीप संचालकों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है। ऐसे में उनके समर्थन वापस लेने की जानकारी मिली है। जिला प्रशासन की पहल पर जल्द ही सकारात्मक समाधान निकलने की उम्मीद है।
बारनावापारा वनांचल के 21 गांवों के हजारों ग्रामीणों का एकजुट होकर आंदोलन करना प्रशासन और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ग्रामीणों की नाराजगी का सीधा असर अभयारण्य की पर्यटन व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। बारनावापारा अपनी जैव विविधता, घने जंगलों और वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है। सफारी यहां पर्यटन का प्रमुख आकर्षण है, लेकिन मौजूदा गतिरोध के कारण यह सुविधा शुरू नहीं हो सकी है।