विस चुनाव के अंतर्गत अब तक हुए चुनाव खर्चे का हिसाब प्रस्तुत नहीं करने वाले 27 अभ्यर्थियों को नोटिस जारी की गई है
बलौदाबाजार. विस चुनाव के अंतर्गत अब तक हुए चुनाव खर्चे का हिसाब प्रस्तुत नहीं करने वाले 27 अभ्यर्थियों को नोटिस जारी की गई है। व्यय प्रेक्षक टी शंकर के निर्देश पर संबंधित रिटर्निंग अफसरों ने नोटिस जारी कर 24 घंटे की भीतर अनुपस्थिति का कारण दर्शाते हुए जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। वे स्वयं अथवा उनके अभिकर्ता अपना लेखा सहित इस दौरान उपस्थित होंगे। अनुपस्थित अभ्यर्थियों में बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 4 प्रत्याशी, कसडोल विस क्षेत्र के 10 प्रत्याशी, बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के 5 प्रत्याशी और भाटापारा विस क्षेत्र के 9 प्रत्याशी शामिल हैं।
व्यय प्रेक्षक शंकर ने शनिवार दिन भर अपनी टीम के साथ जिला निर्वाचन कार्यालय में बैठकर उम्मीदवारों की व्यय लेखा का मिलान किया। जिले की चारों विस क्षेत्र के कुल 77 प्रत्याशियों में से 49 प्रत्याशी अथवा उनके अभिकर्ताओं ने उपस्थित होकर अब तक हुए खर्चे का हिसाब.किताब प्रस्तुत किया है इनमें बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 11 प्रत्याशी, कसडोल विस क्षेत्र के 19 प्रत्याशी, बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के 10 प्रत्याशी और भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के 9 प्रत्याशियों ने अपने व्यय लेखा का जांच करवाया है।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इनमें कसडोल विधानसभा क्षेत्र से रामेश्वर प्रसाद कैवत्र्य बहुजन समाज पार्टी, श्यामाचरण साहू आम आदमी पार्टी, सहदेव दाण्डेकर जनता दल यूनाईटेड सहित निर्दलीय प्रत्याशियों कृष्णकांत पाण्डेय, चरणदास, दसरूराम पैकरा, दुर्गेश्वर प्रसाद साहू, पूरनलाल कठोत्रे, राहुल कैवत्र्य और ज्ञानप्रकाश शामिल हैं। भाटापारा विधानसभा क्षेत्र से मुरारी मिश्रा नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी, सुनील माहेश्वरी इण्डियन नेशनल कांग्रेस, कात्यानी वर्मा आम आदमी पार्टी, प्रवीण कुमार साहू, छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच, प्रेमप्रकाश भारत भूमि पार्टी, अमरदास मात्रे निर्दलीय, सत्यनारायण सोनवानी निर्दलीय और मोहन गायकवाड़ निर्दलीय को नोटिस जारी की गई है।
बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र से मनहरण लाल वर्मा आम आदमी पार्टी, रोहित पाटिल राष्ट्रीय जनसभा पार्टी, अश्विनी वर्मा निर्दलीय, किशनलाल निर्दलीय और टिकेश्वरी ध्रुव निर्दलीय तथा बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र से नरेश कुमारी, अजय शिवसेना, टकेश निर्दलीय, संजय कुमार निर्दलीय तथा नंदकिशोर दीप निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं।