बलरामपुर

सीएम के आने के 15 घंटे पहले सुरक्षा की खुली पोल, पुलिस के पहरे के बीच हो गई ये घटना

21 मई को होनी थी दुकान की ओपनिंग, इससे पहले ही चोरों ने 8 लाख के टायर कर दिए पार

2 min read
Theft in tyre shop
Theft in tyre shop

राजपुर. मुख्यमंत्री की आम सभा के एक दिन पहले शुक्रवार की रात चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एनएच पर स्थित टायर दुकान में धावा बोल दिया। चोर यहां से करीब ८ लाख रुपए के टायर लेकर फरार हो गए, इससे पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस दुकान में चोरी हुई, उसकी अभी ओपनिंग भी नहीं हुई है।

21 मई को उद्घाटन होना था और उससे पहले ही ये वारदात हो गई। दुकान संचालक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

अंबिकापुर-झारखंड एनएच-343 पर राजपुर स्थित वार्ड क्रमांक ४ में बंसल टायर्स नामक दुकान की ओपनिंग 21 मई को होनी थी। संचालक विकास बंसल पिता अशोक बंसल द्वारा दुकान के उद्घाटन के लिए तैयारी की जा रही थी। दुकान में चार पहिया वाहन व ट्रक के टायर स्टोर करने का काम विगत कुछ दिनों से जारी था।

शनिवार की सुबह लगभग 5 बजे विकास बंसल घर से निकलकर योगा करने जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि उनके दुकान का ताला टूटा हुआ है। इस पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर राजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। चोरों ने बोलेरो वाहन के 30 नग, पिकअप के 20 नग व ट्रक के टायर पार कर दिए।

कुल चोरी लगभग 8 लाख रुपए की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मुख्य मार्ग के दुकानों में लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। वहीं इस वारदात से पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर पुलिस ने दुकान संचालक की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है।


खड़े हो रहे सवाल
शनिवार को सीएम के आगमन को लेकर जिला विशेष अलर्ट पर था और ठीक एक दिन पहले चोरों ने एनएच पर ही स्थित दुकान में धावा बोलकर बड़े आराम से वारदात को अंजाम दे दिया। जबकि पुलिस की तरफ से दावा किया जाता है कि एनएच पर लगातार गश्त की जाती है। चोरी की इस वारदात को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती भी दी है।

Published on:
19 May 2018 03:39 pm