बलरामपुर

Breaking News: जंगल में आम तोडऩे गए वृद्ध दंपती पर 3 भालुओं ने किया हमला, महिला को मार डाला

Bear killed women: आम तोडऩे के बाद जलावन बिनने के दौरान झाडिय़ों से निकलकर भालुओं ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल वृद्ध को मेडिकल कॉलेज अस्पताल किया गया रेफर, ग्रामीणों में दहशत का आलम
2 min read
• •
Updated: 1 Jun 2023, 7:10 PM IST
Bear attack
3 bear killed women

कुसमी. Bear killed women: सामरी क्षेत्र के ग्राम गोपातु में जंगल में आम तोडऩे गए वृद्ध दंपती पर 3 भालुओं ने हमला कर दिया। भालुओं ने पैने नाखूनों से दोनों पर इतने वार किए कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। वन विभाग द्वारा मृतिका के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए गए। घटना के बाद भालुओं के जंगल में छिपे होने की खबर से लोग दहशत में हैं।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपातु निवासी मंगरा नगेशिया 85 वर्ष गुरुवार की सुबह अपनी पत्नी गेंदिया नगेशिया 80 वर्ष के साथ अमटाही क्षेत्र के कुंभीडीपा जंगल में आमतोडऩे गया था। करीब 9.30 दोनों आम तोडऩे के बाद सूखी लकड़ी बिन रहे थे।

इसी दौरान अचानक झाडिय़ों से निकलकर 3 भालुओं ने उनपर हमला कर दिया। एक भालू मंगरा के ऊपर जबकि 2 भालू पत्नी गेंदिया के ऊपर टूट पड़े।

भालुओं ने गेंदिया के चेहरे, सिर व गले पर पैने नाखूनों व दांतों से इतने वार किए कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि भालुओं ने मंगरा का दाहिना पैर तोड़ दिया और शरीर के अन्य हिस्से को नोच डाला।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर
भालुओं से घिरे वृद्ध दंपती के चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास रहे लोग जंगल में पहुंचे। उन्होंने घायल मंगरा को संजीवनी एंबुलेस की मदद से कुसमी अस्पताल में लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।


वन विभाग ने दी सहायता राशि
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीओ रविशंकर श्रीवास्तव, कुसमी रेंजर काली राम सहित अन्य स्टाफ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतिका के परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए प्रदान किए। बाकी के 5 लाख 75 हजार रुपए की क्षति पूर्ति राशि जल्द प्रदान किए जाने की बात कही।

Published on: