
कुसमी. बेटी की तबीयत खराब थी तो घरजमाई बनकर रह रहा दामाद बुधवार को खाना पका रहा था। यह देख ससुर ने कहा कि तुम्हे खाना बनाना नहीं आता तो क्यों बना रहे हो। इससे दामाद भड़क गया और उसकी पिटाई करने लगा। यह देख पत्नी ने बीच-बचाव किया तो उसकी भी पिटाई कर दी। इस पर ससुर ने कहा कि तुम्हे देख लूंगा तो दामाद तैश में आ गया।
उसने घर में रखी टांगी उठाई और ससुर के गर्दन पर वार कर दिया। टांगी के वार से ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दामाद सीधे थाना पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी थाना अंतर्गत बेतपानी पंचायत के ग्राम मारपाठ निवासी 55 वर्षीय मनसु बिरिजिया पिता सुखदेव बिरिजिया की लड़की गांगी बाई का विवाह ग्राम दात्रम पंचायत के करमडीह निवासी 38 वर्षीय परमेश्वर बिरिजिया से हुआ था। शादी के बाद से ही परमेश्वर घर जमाई बन कर अपने ससुराल मारपाठ में ही रहकर खेती किसानी का कार्य कर रहा था।
बुधवार को ससुर किसी काम से बगल के गांव चुटईपाठ गया हुआ था। वहां से शाम करीब 5 बजे वापस आया तो देखा कि उसका दामाद घर मे भोजन बना रहा है। उसकी बेटी की तबीयत खराब थी, इस कारण वह सो रही थी। दामाद को खाना बनाते देख मनसु भड़क गया और कहा कि तुम्हे जब खाना बनाना नहीं आता तो क्यों बना रहे हो। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी।
इससे गुस्साए परमेश्वर ने पहले अपने ससुर की डंडे से पिटाई शुरु कर दी। यह देख उसकी पत्त्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो उसने उसकी भी पिटाई कर दी। इस पर मनसु ने कहा तुम हमसे मारपीट कर रहे हो, तुमको देख लूंगा। ससुर की इस बात से परमेश्वर और क्रोधित हो गया और घर में रखी टांगी निकाल ली। इसके बाद उसने ससुर के गले पर टांगी से जोरदार प्रहार कर दिया।
हमले में गर्दन कट जाने से ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दामात सामरी थाना पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। सामरी पुलिस गुरुवार की सुबह मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात शव को पीएम के लिए भिजवाया।
सामरी पुलिस ने मामले में मृतिका की बेटी गांगी के रिपोर्ट पर आरोपी परमेश्वर के खिलाफ धारा 323 व 302 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को उसे जेल भेज दिया।