28 मार्च की रात हुई वारदात में शामिल थे तीन आरोपी, एक अंबिकापुर से पहले ही पकड़ा गया था, दो कट्टा व 1 नग कारतूस बरामद
वाड्रफनगर। नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 गौटियापारा में स्थित सब्जी व्यवसायी के घर में २८ मार्च की रात हुई 50 हजार की लूट के मामले में पुलिस ने सरगना सहित 2 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को पुलिस ने पहले ही अंबिकापुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पकड़े गए आरोपियों के पास से दो कट्टा, 1 नग जिंदा कारतूस व लूट का कुछ सामान बरामद किया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं तथा पूर्व में गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं। आरोपियों ने व्यवसायी के बच्चों के सिर पर कट्टा अड़ाकर वारदात को अंजाम दिया था।
गौरतलब है कि 28 मार्च की रात लगभग 9 बजे गौटियापारा निवासी सब्जी व्यवसायी महावीर कुशवाहा के घर में घुसे 3 अज्ञात नकाबपोशों ने कट्टे की नोक पर परिवारवालों को जान से मारने की धमकी देते हुए सोने का मंगल सूत्र, पायल, बिछिया, चांदी का पायल, छल्ला, बाली सहित 25 हजार रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे।
इस मामले में वाड्रफनगर पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 394 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर उनकी खोजबीन में जुटी थी। लूट की वारदात को सुलझाने के लिए एसपी टीआर कोशिमा के मार्गदर्शन व एसडीओपी अविनाश सिंह ठाकुर के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई थी।
विवेचना के दौरान अंबिकापुर पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपी झारखंड के चैनपुर थाना अंतर्गत ग्राम चमरदोहरी के मूल निवासी 22 वर्षीय चंदन यादव पिता गिरजा यादव को अंबिकापुर के सत्तीपारा से गिरफ्तार कर वाड्रफनगर पुलिस को सौंप दिया था। होमलाल अंबिकापुर के सत्तीपारा किराए के मकान में रह रहा था, वारदात को अंजाम देने के बाद वह यहां भागकर आ गया था।
इसके पास से जेवरात व कुछ नकदी रकम मिले थे। चंदन से पूछताछ के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल चंदौरा थाना अंतर्गत ग्राम धोंधा निवासी 39 वर्षीय होमलाल यादव पिता फूलसाय बरगाह को उसके गांव से गिरफ्तार किया। वहीं वारदात के सरगना बसंतपुर थाना अंतर्गत ग्राम पशुपतिपुर निवासी 22 वर्षीय श्रवण कुमार बसोर पिता कुंवर प्रसाद को यूपी के बनारस से धरदबोचा।
गुरुवार को वाड्रफनगर चौकी में एसपी टीआर कोशिमा ने पूरे मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि वारदात के बाद से ही यूपी, झारखंड़ व आसपास के संदिग्धों पर सतत निगरानी रखते हुए टीम गठित कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पतासाजी कर रही थी और आखिरकार पुलिस को सफलता मिली।
आरोपियों के पास से 2 कट्टा, 1 नग जिंदा कारतूस, 1100 रुपए नकद, 2 नग पायल, हाथ छल्ला, बिछिया, 4 नग मोबाइल व 1 बाइक बरामद किया गया है।
आरोपियों को जेल दााखिल कर दिया गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रजनीश सिंह, प्रधान आरक्षक अतुल दुबे, आरक्षक कृष्णा मरकाम, शिव पटेल, जुगेश जायसवाल, प्रमोद जायसवाल व साइबर सेल से प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा, प्रदीप साना शामिल रहे।
पशुपतिपुर में बनाई थी लूट की योजना
एसपी ने बताया कि घटना दिवस को श्रवण बसोर अपने साथी होमलाल व चंदन के साथ अंबिकापुर से वाड्रफनगर के पशुपतिपुर गांव पहुंचे। यहां आरोपियों ने खाना खाने के बाद लूट की योजना बनाई थी। एसपी ने बताया कि आरोपी होमलाल ही डकैती की सजा काटकर अंबिकापुर केंद्रीय जेल से बाहर आया था। वहीं मास्टरमाइंड श्रवण बसोर भी पूर्व में बलात्कार के आरोप में सजा काट चुका है।