बलरामपुर

Sky Lightning Fell: पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली तो भूकंप की तरह हिल गया घर, दीवारों पर आईं दरारें, 4 बच्चे समेत 7 आए चपेट में

Sky Lightning: बलरामपुर जिले के सामरीपाठ क्षेत्र अंतर्गत अमटाही के दर्रीपारा में हुई घटना, आकाशीय बिजली की चपेट में आए सभी लोगों को ले जाया गया अस्पताल
2 min read
Sky lightning in Balrampur
Sky lightning fell, आकाशीय बिजली गिरने से दीवार पर आईं दरारें, क्षतिग्रस्त सामान (Photo- Patrika)

कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सामरी पाठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमटाही के वार्ड क्रमांक-1 दर्रीपारा में सोमवार की शाम तेज बारिश और गरज-चमक के बीच एक विशाल पेड़ पर आकाशीय बिजली (Sky lightning fell on tree) गिर गई। इस दौरान पेड़ के बगल में स्थित घर भूकंप की तरह हिल गया तथा उसकी दीवारों पर दरारें आ गईं। घर में रखी आलमारी, फ्रिज समेत अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। आकाशीय बिजली के झटके से घर में मौजूद 4 बच्चों समेत 7 लोग सहम गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। इधर पीडि़त परिवार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

सामरीपाठ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमटाही के दर्रीपारा निवासी नान्हू सोनवानी के घर के पास खड़े एक विशाल पेड़ पर सोमवार की शाम करीब 5 बजे आकाशीय बिजली गिरी। पेड़ से होकर बिजली (Sky lightning in Amtahi village) का तेज प्रभाव मिट्टी और ईंट से बने उसके मकान तक पहुंच गया। तेज धमाके के साथ पूरा मकान हिल गया और दीवारों में कई जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं।

Sky lightning, दीवार पर पड़ीं दरारें (Photo- Patrika)

घर में रखी आलमारी, दीवार घड़ी सहित अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान घर में नान्हू सोनवानी के अलावा पैरी सोनवानी, फूलवंती सोनवानी, अनिकेत सोनवानी, प्रियांशु, अमरदीप और रोशनी मौजूद थे। उन्हें भी आकाशीय बिजली का झटका लगा।

नान्हू का बड़ा पुत्र जीतू जब घर पहुंचा तो घरवालों की हालत देखकर सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सामरी पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने सभी का इलाज किया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी खतरे से बाहर हैं। घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवार के सामने रहने और मरम्मत की चिंता भी खड़ी हो गई है।

Sky lightning fell in Balrampur: तडि़त चालक लगाने की उठी मांग

सामरी पाठ का अमटाही गांव बॉक्साइट प्रभावित और वनांचल क्षेत्र में आता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में हर वर्ष बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (Sky lightning case) गिरने की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

उन्होंने अमटाही सहित सामरी पाठ क्षेत्र के संवेदनशील गांवों में मकानों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक भवनों पर तडि़त चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग की है। वहीं पीडि़त परिवार ने आकाशीय बिजली से घर की हुई क्षति का आंकलन कर प्रशासन से मुआवजे की भी मांग की है।

Published on:
30 Jun 2026 06:23 pm