बलरामपुर

जमीन से अचानक मिसाइल की तरह बाहर निकला पाइप- देखिए हैरान कर देने वाला यह वीडियो

व्यवसायी के घर की बाड़ी में स्थित बोर पर देखने को मिला ऐसा नजारा, इलाके में बना चर्चा का विषय
2 min read
• •
Updated: 27 Sep 2018, 8:00 PM IST
Pipe out of the ground
Water pipe

वाड्रफनगर. प्रकृति में कभी-कभी ऐसी घटनाएं होती हैं जिसे देखकर सहसा आंखों पर भी विश्वास नहीं हो पाता है। लोग ऐसी घटनाएं देख दांतों तले अंगुली दबा लेते हैं। बाद में इसके वैज्ञानिक कारण भी सामने आते हैं इस कारण से ऐसा हुआ। ऐसी ही एक घटना बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर में हुई।

इसमें एक साल पूर्व कराया गया बोर अचानक मोटर व केसिंग पाइप लेकर धीरे-धीरे ऊपर उठ रही थी। यह देखकर घर का मालिक हैरान था। सूचना पर नल-जल कर्मचारी पहुंचे।

उन्होंने पाइप को भीतर दबाकर उसे रोकना चाहा लेकिन जैसे ही उन्होंने उसे छोड़ा, पाइप मिसाइल की तरह करीब 25 फीट ऊपर निकल गई। इसका वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने-अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वाड्रफनगर क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बना हुआ है।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर में व्यवसायी दिनेश कुशवाहा का घर है। उन्होंने एक वर्ष पूर्व अपने घर की बाड़ी में बोर कराया था। इस बोर का पानी घर के लोग पीने में भी उपयोग करते हैं। गुरुवार की सुबह जब वे सोने के बाद उठे तो उनकी नजर बोर पर पड़ी। बोर मोटर व केसिंग पाइप सहित करीब 6 फीट ऊपर निकला हुआ था।

वह धीरे-धीरे ऊपर की ओर जा रहा था। उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी तो इसे देखने लोग पहुंचने लगे। मोटर व पाइप हवा में जाते देख वे दंग रह गए।


पूरी ताकत झोंकी लेकिन नहीं दबा पाए भीतर
लगातार मोटर व केसिंग पाइप ऊपर जाता देख व्यवसायी व अन्य लोगों ने इसकी सूचना नगर पंचायत के नल-जल विभाग को दी। सूचना मिलते ही कर्मचारी वहां पहुंचे। उन्होंने पहले तो पाइप को नीचे दबाया और रस्सी से सहारा लेकर बांध दिया लेकिन पाइप की ताकत के आगे रस्सी भी नहीं टिक पा रही थी। कई लोग पाइप को पूरी ताकत से दबाए हुए थे लेकिन वे उसे संभाल नहीं पा रहे थे।


छोड़ते ही 25 फीट ऊपर निकल गई पाइप
रस्सी से बांधने के बाद कर्मचारियों ने सोचा कि अब सबमर्सिबल मोटर व पाइप सही स्थान पर टिक जाएगी लेकिन जैसे ही उन्होंने उसे छोड़ा, पाइप अपने आप करीब 25 फीट ऊपर निकल गई।

यह नजारा देख वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि ये सब कैसे हो रहा है। ऐसी चर्चा है कि जमीन के भीतर किसी गैस का दबाव होगा, जिसके कारण पाइप ऊपर निकल रही है।

Updated on:
27 Sep 2018, 8:00 PM IST
Published on: