हादसे में 3 बाराती घायल, कोरबा के दीपका से बारात में शामिल होकर लौट रहे थे झारखंड, राजपुर तहसील के सामने हुआ हादसा
राजपुर. अंबिकापुर-झारखण्ड मुख्य मार्ग पर महुआपारा मंडी प्रांगण के पास सोमवार की सुबह लगभग 10.30 बजे बारातियों से भरी बोलेरो वाहन को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बाराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक सहित तीन घायल हो गए।
इधर घटना के बाद भाग रहा ट्रक भी लगभग 200 मीटर आगे जाकर एक पेड़ से जा टकराया। इस दौरान अन्य वाहन उसकी चपेट में आने से बच गए। घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।
रविवार को बोलेरो क्रमांक सीजी 12 एएच-7317 में 8 लोग सवार होकर गढ़वा झारखण्ड से बारात कोरबा जिला के दीपका क्षेत्र के ग्राम तिबरता गए हुए थे। सोमवार को यहां से वापस लौटने के दौरान महुआपारा मंडी प्रांगण के पास बलरामपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 04 एलएच 2922 के अज्ञात चालक ने बोलेरो को टक्कर मार दी।
हादसे में बोलेरो सवार गढ़वा जिले के माना थाना अंतर्गत ग्राम मनवढिय़ा निवासी 18 वर्षीय असगर अंसारी पिता गुलाम चिश्ती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 37 वर्षीय असगर अंसारी पिता यूसूफ अंसारी व 8 वर्षीय मुनाब अंसारी पिता जैलूल अंसारी घायल हो गए।
इधर हादसे के बाद भाग रहा ट्रक घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर जाकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हालांकि चालक उतरकर फरार हो गया, इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से अन्य वाहन भी बच गए। दुर्घटना की सूचना पर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल भेजा।
यहां उनका उपचार जारी है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव का पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रक को जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 279, 337 व 304 ए के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
बाराती गाडिय़ां हो रही दुर्घटना का शिकार
पिछले 5 दिनों में 2 सड़क दुर्घटनाओं में 6 बारातियों की मौत हो चुकी है। इससे शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। वाहनों की बेहिसाब रफ्तार हादसे का कारण बन रहे हैं। इसके बावजूद इस पर लगाम नहीं लग पा रही है।