बलरामपुर

यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सैय्यद इकबाल का बड़ा बयान, अयोध्या के विवादित स्थल पर हो राम मंदिर का निर्माण

बलरामपुर में यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सैय्यद इकबाल हैदर ने राम मंदिर मामले पर दिया बड़ा बयान, सुझाया एक रास्ता...
2 min read
up minority welfare member syed iqbal haider

बलरामपुर. यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य बनने के बाद पहली बार जिले के भ्रमण पर पहुंचे सैय्यद इकबाल हैदर ने राम मंदिर मामले पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि मुसलमान नहीं चाहता कि वहां मस्जिद का निर्माण हो। बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी को आड़े हाथों लेते हुए सैय्यद इकबाल हैदर ने कहा कि कमेटी सिर्फ राजनीति की रोटी सेंक रही है।

सोमवार को जिले के भ्रमण पर पहुंचे यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सैय्यद इकबाल हैदर का गर्मजोशी से स्वागत हुआ। फरवरी में आयोग के सदस्य बनने के बाद इकबाल हैदर पहली बार किसी जिले के भ्रमण पर जिले में पहुंचे थे। नगर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर हमारा नजरिया स्पष्ट है। 'मुस्लिमों का है ये अरमान, मंदिर हो वहीं निर्माण।'

उन्होंने कहा कि ये देश के 125 करोड़ हिन्दुओं की भावनाओं से जुड़ा मामला है। जहां पर किसी की आस्था या भावनाओं का मामला हो उस पर संकीर्ण विचारधारा से किसी के खिलाफ नहीं जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लाम में हर चीज बिल्कुल साफ है, जहां पर कोई विवाद हो, कोई झगड़ा हो या किसी की भावनाएं आहत होती हों उस स्थान पर नमाज पढ़ना बिल्कुल ही जायज नहीं है। इकबाल हैदर ने कहा कि ये कुरान व हदीस में भी है और आम मुसलमान भी ये चाहता है कि वहां पर मंदिर बन जाए और ये झगड़ा हमेशा के लिए खत्म हो जाए।

मंदिर-मस्जिद विवाद का दिया ये सुझाव
इकबाल हैदर ने कहा कि मस्जिद बनाने में हमारी सरकार या पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है। सरयू के उस पार आलीशान मस्जिद, युनिवर्सिटी बन जाए या मुसलमानों के नाम से मेडिकल कॉलेज बन जाए, जिससे देश का विकास हो और सभी की भावनाएं आहत न हों। सभी खुश हों और सब मिलजुल कर रहें। उन्होंने कहा कि चंद मुसलमानों के ठेकेदार या बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी हो उनका इसी से रोजी रोजगार चल रहा है वो चाहते हैं कि मामला जिंदा रहे और हमारा काम चलता रहे।

मुस्लिमों की हितैषी है बीजेपी सरकार
सैयय्द इकबाल हैदर ने प्रेसवार्ता के दौरान अल्पसंख्यकों के हित में योगी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का बखान भी किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दो मुस्लिमों को एमएलसी पद का उम्मीदवार बनाया है। हमारी योगी की सरकार जो कहती है वह करती है। दुनिया के मुसलमान कहीं खुश और प्रसन्न हैं तो वह हिंदुस्तान में हैं। यहां पर मुस्लिमों को धार्मिक स्वतंत्रता है। कहीं भी कोई पाबंदी नहीं है कहीं भी नमाज पढ़ें और कहीं भी अजान करें अन्य देशों में बहुत पाबंदियां हैं।

तीन तलाक पर भी बोले
तीन तलाक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सामाजिक उत्थान व सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में बात कही है। करोड़ों मुसलिम महिलाएं तीन तलाक के विरोध में का पार्टी का समर्थन कर रही हैं। इस मुद्दे से खुश होकर पिछले दिनों जो चुनाव हुआ उसमें भारी संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने पार्टी को वोट दिए हैं। तीन तलाक के मुद्दे पर सभी पार्टियों को सहयोग देना चाहिए।

फर्जी मदरसों पर लग रही लगाम
फर्जी मदरसों पर लगाम लगाने के लिए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार फर्जी मदरसों को रोकने के लिए पोर्टल चालू किया है। जिससे काफी हद तक गैर मुस्लिमों द्वारा चलाए जा रहे मदरसों पर ताला लगा है।

Published on:
16 Apr 2018 08:47 pm