
CM Yogi Mother Remark Controversy: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना अब्दुल्ला सालिम चतुर्वेदी के खिलाफ बलरामपुर जिले में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र की शिकायत पर कोतवाली नगर थाने में दर्ज किया गया। घटना सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
रविवार दोपहर भाजपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर इकट्ठा हुए और वहां से जुलूस के रूप में वीर विनय चौराहे तक पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने मौलाना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि यदि आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल प्रदेश के मुखिया ही नहीं बल्कि गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं। ऐसे में उनकी माता के खिलाफ की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है और इससे पूरे प्रदेश की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी इंसानियत की सभी सीमाओं को पार करने वाली है।
तुलसीपुर से विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर दोषी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे। उनका कहना था कि किसी भी सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल समाज में तनाव पैदा करता है।
गसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने भी मौलाना के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अपना पूरा जीवन सनातन धर्म और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्ति की माता के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र ने कहा कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की टिप्पणी करने से पहले सौ बार सोचे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। फिलहाल कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया है, लेकिन अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस मामले को लेकर इससे पहले शनिवार को लखनऊ में भी विरोध प्रदर्शन हुआ था। राजधानी के हजरतगंज इलाके में छात्रों ने मौलाना के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनकी प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली थी। इसके बाद चौराहे पर पुतले पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के कारण स्थिति कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गई थी।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौलाना अब्दुल्ला सालिम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि यह बयान बिहार में रमजान के दौरान आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में दिया गया था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला तेजी से फैल गया और कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।