बलरामपुर

बलरामपुर के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कैसे मिलेगा गाय खरीदने पर 80 हजार का अनुदान, क्या है योजना?

Cow Subsidy Scheme 2026: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत पशुपालकों को उन्नत नस्ल की दो गाय खरीदने पर 40% या अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन 11 जून से 10 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं।
2 min read
साहीवाल प्रजाति की गाय फोटो सोर्स पशुपालन विभाग X अकाउंट
साहीवाल प्रजाति की गाय फोटो सोर्स पशुपालन विभाग X अकाउंट

बलरामपुर के पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना के तहत उन्नत नस्ल की गाय खरीदने पर 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। योजना का उद्देश्य दुग्ध उत्पादन बढ़ाना और पशुपालकों की आय में इजाफा करना है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 11 जून से शुरू हो गए हैं। जो 10 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे।

पशुपालकों और गोपालकों के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण योजना शुरू की है। नन्द बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गो-संवर्धन योजना में उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों की खरीद पर आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना का मकसद प्रदेश में स्वदेशी नस्ल की गायों के पालन को बढ़ावा देना और दुग्ध उत्पादन बढ़ाना है। इसके तहत गोपालक बाहरी राज्यों से गिर, साहीवाल, थारपारकर और हरियाणा नस्ल की उन्नत गायें खरीद सकेंगे। योजना के अनुसार दो गायों की एक इकाई स्थापित करने पर कुल लागत का 40 प्रतिशत या अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। इससे पशुपालकों को अच्छी नस्ल की गाय खरीदने में आर्थिक मदद मिलेगी। उनकी आमदनी बढ़ेगी।

योजना के कुल लक्ष्य में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षित

सरकार ने महिला पशुपालकों को भी विशेष प्राथमिकता दी है। योजना के कुल लक्ष्य का 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है। ताकि अधिक से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक इसका लाभ उठा सकें।
योजना का लाभ लेने के लिए खरीदी जाने वाली गाय का प्रथम या द्वितीय ब्यांत की होना जरूरी है। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि खरीदी गई गाय बेहतर दुग्ध उत्पादन करने में सक्षम हो।

10 जुलाई तक आवेदन पत्र स्वीकार किए जाएंगे

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक लाभार्थी नन्द बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि योजना के लिए आवेदन 11 जून 2026 से शुरू हो चुके हैं। 10 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।

पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए वरदान साबित होगी यह योजना

उन्होंने जिले के सभी पात्र पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों से समय रहते आवेदन करने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय, उप दुग्धशाला विकास अधिकारी कार्यालय या संबंधित विकास खंड कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय बढ़ने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Updated on:
11 Jun 2026 07:27 pm
Published on:
11 Jun 2026 07:27 pm