Banda Dacoity Accused Arrested : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र का एक डकैती का आरोपी 30 साल से फरार चल रहा था। वह एमपी में भेष बदलकर रह रहा था।
बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के गिरवां थाना पुलिस ने तीन दशक से फरार चल रहे डकैती के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। स्योडा गांव निवासी मुनव्वर के खिलाफ वर्ष 1988 में डकैती का मामला दर्ज हुआ था। मुकदमा अदालत में विचाराधीन था, लेकिन सुनवाई के दौरान वह फरार हो गया और तब से कानून की पकड़ से बाहर था।
अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कर गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। लंबे समय से लंबित इस वारंट को तामील कराने के लिए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर दो विशेष टीमें गठित की गईं। टीमों ने पुराने अभिलेखों की छानबीन की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच में सामने आया कि मुनव्वर वर्षों पहले बांदा में अपना घर-बार बेचकर मध्य प्रदेश चला गया था। वहां वह भेष बदलकर रह रहा था और अपनी असली पहचान छिपाए हुए था। हालांकि, वह बीच-बीच में गुपचुप तरीके से इलाके में आता-जाता भी था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह केन नदी पुल के पास देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से कानून से बचता फिर रहा था, लेकिन सतत प्रयासों के चलते आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरवां थाना पुलिस की इस कार्रवाई पर एसपी ने टीम को 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही संकेत दिया है कि पुराने लंबित मामलों में भी इसी तरह अभियान चलाकर फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।