
सांकेतिक फाइल फोटो
बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के सतन्याव गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। 30 वर्षीय विवेक यादव अपने खेत में थ्रेसर मशीन से गेहूं की कटाई कर रहा था। काम के दौरान वह मशीन की जाली देखने के लिए करीब गया, तभी उसका गमछा थ्रेसर के तेज घूमते पट्टे में फंस गया। इससे वह संभल नहीं सका और कुछ ही सेकंड में गमछा उसके गले में कस गया। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले स्थिति गंभीर हो गई और यह हादसा जानलेवा बन गया।
घटना के तुरंत बाद खेत में मौजूद लोगों ने थ्रेसर मशीन को बंद किया और किसी तरह विवेक को बाहर निकाला। परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गले में फंदा कसने से उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल में यह खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव से पहुंचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे माहौल में गहरा शोक छा गया।
विवेक यादव की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी सुमन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। विवेक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था, जो मेहनत कर घर का खर्च चलाता था। उसके पीछे दो बेटियां और एक छोटा बेटा हैं, l गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं। हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं।
घटना की सूचना मिलते ही बबेरू कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि मशीन संचालन में कोई लापरवाही तो नहीं हुई।
Updated on:
18 Apr 2026 12:26 pm
Published on:
18 Apr 2026 12:18 pm
बड़ी खबरें
View Allयूपी न्यूज
ट्रेंडिंग
