बांदा

Lok Sabha Elections 2024: बांदा में अखिलेश यादव ने किया चुनावी जनसभा, बोले- पेपर लीक नहीं हुए, सरकार ने करवाए

Lok Sabha Elections 2024: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बांदा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक नहीं हुए, सरकार ने कराए हैं।
2 min read
May 16, 2024
Lok Sabha Elections 2024 Akhilesh Yadav says Papers were not leaked government got them done

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार (16 मई) को बांदा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेपर लीक नहीं हुए, सरकार ने कराए हैं, क्योंकि, नौजवानों को नौकरी देनी ना पड़ जाए, यह सरकार जानती है, अगर सरकारी नौकरी देंगे तो आरक्षण देना पड़ेगा, पीडीए के परिवार के नौजवानों को उनका हक देना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि आज नौजवानों के सामने कोई नौकरी का रास्ता नहीं बचा और जब कभी नौकरी की परीक्षा हुई तो पेपर लीक हो गया। इस सरकार में 10 से ज्यादा परीक्षाएं रद्द हुई। भाजपा ने वादा किया था किसानों की आय दोगुनी करेंगे, किसी किसान की आय बढ़ी? इन्होंने केवल महंगाई बढ़ाई और खाद की बोरी से 10 किलो की चोरी की। बड़े-बड़े उद्योगपति बैंकों का पैसा लेकर भाग गए थे, वैसे ही नैनो यूरिया बनाने वाले भाग गए हैं।

लोकसभा चुनाव के चार चरणों में भाजपा के चारों खाने चित हो गए : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आगे कहा कि चार चरणों के वोट पड़े हैं, उसमें बीजेपी की चारों खाने चित हो गई है। आपने देखा होगा, अब तो आंसुओं की नदी बहने लगी है, इस बार आंसुओं का पानी खतरे के ऊपर बह रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को धोखा देने का काम किया है। कोरोना काल में इन्होंने जो वैक्सीन लगवाई, आज वो लोगों की जान ले रही है। कंपनी कह रही है कि हम वैक्सीन वापस लेंगे। शरीर में जो वैक्सीन चली गई, उसे कैसे वापस लिया जा सकता है?

बुंदेलखंड की जनता भाजपा के अहंकार को खंड- खंड करेगी: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जो देश का चुनाव होने जा रहा है, ये हमारे आपके भविष्य का चुनाव है। एक तरफ वो लोग हैं, जो संविधान को बचाना चाहते हैं और दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो संविधान बदलना चाहते हैं। बुंदेलखंड के लोगों ने मन बना लिया है और इस बार ऐसा संदेश जाना वाला है बुंदेलखंड से कि एक भी सीट जनता भाजपा को जीतने नहीं देगी। बुंदेलखंड की जनता भारतीय जनता पार्टी के अहंकार को खंड- खंड करेगी।