
हुब्बल्ली. गदग जिले का शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र अपने आप में एक अद्वितीय विधानसभा क्षेत्र है क्योंकि यहां से विजेता विधायक हमेशा ही सत्ताधारी दल का सदस्य होता है। यानी जिस दल ने शिरहट्टी जीता उसने सरकार बनाई है। पिछले कई दशकों से शिरहट्टी के साथ यह शुभ संयोग जुड़ा है कि राज्य की सत्ता में चाहे कांग्रेस, भाजपा या कोई अन्य दल हो लेकिन शिरहट्टी की जनता जिसको चुनती है वह सत्तारुढ दल के ही होते हैं।
वर्ष-1972 से यह सिलसिला चला आ रहा है कि अगर यहां से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत होती है तो राज्य की सत्ता में कांग्रेस रहती है। यहां तक कि जब जनता दल के उम्मीदवार को जीत मिली थी तब राज्य में जनता दल की सरकार बन गई और वर्ष-2004 में जब कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली तब कांग्रेस और जनता दल (ध) की साझा सरकार बन गई।
यहां तक कि वर्ष-1983 में जब निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली तब उन्होंने उस समय की रामकृष्ण हेगड़े सरकार को समर्थन कर दिया और इस प्रकार शिरहट्टी सत्तारुढ पार्टी के साथ रहा है। ऐसे में इस बार का चुनाव बेहद अहम है कि जनता किसे चुनकर भेजती है और क्या दशकों से चला आ रहा संयोग इस बार भी शिरहट्टी के साथ जुड़ा रहेगा। मौजूदा समय में यहां कांग्रेस के विधायक हैं और कांग्रेस ने मौजूदा विधायक रामकृष्ण दोड्डमणि को ही एक बार फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने रामन्ना एस लमाणी को टिकट दिया है। दोनों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
-------------
राज्य में अब तक 79 करोड़ रुपए नकद जब्त
बेंगलूरु. राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू होने से अब तक 79.29 करोड़ रुपए नकद जब्त किए जा चुके हैं। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि चुनाव आयोग के उडऩ दस्ते और निगरानी दस्तों की छापेमारी में 54.86 करोड़ और आयकर विभाग की छापेमारी में 24.43 करोड़ बरामद हुए। उन्होंने कहा कि वर्ष-2013 के विधानसभा चुनाव में मात्र 14.42 करोड़ रुपए और वर्ष-2014 के लोकसभा चुनाव में 28.08 करोड़ रुपए नकद बरामद हुए। उस अनुपात में इस बार नकद जब्ती का रिकॉर्ड बना है जो 2013 के चुनाव की तुलना में पांच गुणा से ज्यादा है।
अब तक 5,23,265 लीटर शराब जब्त की गई है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 24.21 करोड़ रुपए है। लैपटॉप, घरेलू सामग्री, साड़ी आदि सामग्री की जब्ती का भी नया रिकॉर्ड बन गया है। 64.53 करोड़ रुपए की प्रलोभन सामग्री जब्त हुई है जिसमें 43.81 करोड़ रुपए का सोना और चांदी है।