मी-टू अभियान की चपेट में संदलवुड एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायतें
बेंगलूरु. अभिनेता अर्जुन सर्जा तथा अभिनेत्री श्रुति हरिहरण के बीच विवाद सुलझने के बदले उलझता जा रहा है। दोनों अपनी जिद पर अड़े हुए हैं और एक दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई हैं। दोनों के इस रुख के कारण विवाद उलझता जा रहा है।
अभिनेता अर्जुन सर्जा ने श्रुति हरिहरण के खिलाफ मानहानि के दो मामले दायर करते हुए 5 करोड़ रुपए मुआवजे की मांग की है। वरिष्ठ अधिवक्ता श्याम सुंदर इस मामले में अर्जुन सर्जा की पैरवी कर रहे हैं। याचिका को स्वीकार करते हुए अदालत ने शुति को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा अर्जुन सर्जा ने श्रुति के खिलाफ मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद में भी शिकायत दर्ज करने की बात कही है।
श्रुति हरिहरण ने गुरुवार देर रात हाइग्राउंडस थाने में सर्जा के निकटवर्ती प्रशांत संबरगी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अदालत से अनुमति मिलने के पश्चात प्रशांत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के मुताबिक जब वह कन्नड़ फिल्म चेंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता से लौट रही थीं तो तीन-चार जनों के साथ उनके पास पहुंचे प्रशांत संबरगी ने उनको धमकाते हुए देख लेने की बात कही थी।
श्रुति ने संबरगी तथा उनके साथियों के खिलाई साइबर क्राइम पुलिस से भी मामला दर्ज कर सोशल मीडिया पर उनके चरित्र हनन का अभियान चलाने की शिकायत की है। श्रुति ने प्रशांत संबरगी तथा उनके साथियों पर उनको एक हिंदू विरोधी के रूप में गलत प्रचार करने का आरोप लगाया है।
-----
कार्यशाला 30 को
बेंगलूरु. केंद्रीय रेशम बोर्ड की ओर से उत्कृष्टता केंद्र, केंद्रीय सिल्क बोर्ड परिसर, बेंगलूरु में 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे 'सिरीकल्चर बाय-प्रोडक्ट यूटिलिजेशन एंड विविधीकरण' विषय पर एक ब्रेनस्टॉर्मिंग कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। गुलबर्गा विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. एसआर निरंजन और भारत सरकार के संयुक्त सचिव (रेशम) अतुल कुमार तिवारी बतौर मुख्य वक्ता होंगे।