बैंगलोर

‘तुम्हें खून की उल्टी होगी और मौत हो जाएगी,’ बेंगलुरु में ढोंगी बाबा ने डर दिखाकर उड़ाए लाखों के गहने और कैश

Bengaluru occultist fraud case: बेंगलुरु में एक ढोंगी बाबा ने महिला को उसकी बेटी की शादी बचाने और 'काला जादू' हटाने का झांसा दिया। तांत्रिक ने 'खून की उल्टी' से मौत होने का डर दिखाकर महिला से 43 ग्राम सोने के गहने और 1.3 लाख रुपए की नकदी ठग ली और फरार हो गया।
3 min read
Jul 17, 2026
Bengaluru occultist fraud case
ढोंगी बाबा ने मौत का डर दिखाकर उड़ाए लाखों के गहने और कैश, ( AI फोटो )

Bengaluru fake tantrik cheat woman: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से अंधविश्वास और ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ढोंगी तांत्रिक ने एक 37 साल की महिला को उसकी बेटी की वैवाहिक समस्याओं को सुलझाने का झांसा दिया। इसके बाद उसने एक 'विशेष पूजा' का नाटक रचा और महिला को ऐसा डराया कि वह दो दिन तक उस पोटली को छू भी नहीं सकी, जिसमें उसने अपने गहने और नकदी रखी थी। इसी अंधविश्वास का फायदा उठाकर तांत्रिक 43 ग्राम सोना और 1.3 लाख रुपए की नकदी लेकर चंपत हो गया। पुलिस ने अब पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

पड़ोसी के कहने पर जाल में फंसी महिला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की छोटी बेटी के ससुराल में कुछ विवाद चल रहा था, जिससे वह काफी परेशान थी. इसी दौरान महिला के एक पड़ोसी ने उसकी मुलाकात 'शिवकाली उर्फ नितिन' नाम के एक तथाकथित बाबा से करवाई। पड़ोसी ने दावा किया कि नितिन के पास अद्भुत आध्यात्मिक शक्तियां हैं और वह तंत्र-मंत्र के जरिए पारिवारिक कलह को चुटकियों में खत्म कर सकता है। महिला के जाल में फंसते ही ढोंगी बाबा ने उससे कहा कि उसकी बेटी पर किसी ने बेहद खतरनाक 'काला जादू' कराया है और उसकी जान को खतरा है। इस संकट को टालने के लिए उसने महिला के घर पर एक विशेष पूजा करने की बात कही. साथ ही यह शर्त भी रखी कि पूजा के समय घर में उन दोनों के अलावा कोई तीसरा सदस्य मौजूद नहीं होना चाहिए।

पूजा के बहाने मंगवाए सारे गहने और पैसे

बीती 26 जून को शाम करीब 4 बजे आरोपी नितिन महिला के घर पहुंचा। उसने नींबू, राख, हल्दी और मेथी के दाने जैसी चीजों का इस्तेमाल करके मंत्र पढ़ना शुरू किया। अनुष्ठान के बीच में ही उसने महिला से कहा कि बेटी के ऊपर से संकट टालने के लिए घर में रखा सारा सोना और कैश पूजा की जगह पर रखना होगा। परेशान महिला ने बाबा की बात पर भरोसा कर लिया और घर की मरम्मत के लिए रखे 1.3 लाख रुपए नगद समेत सोने की चेन, चूड़ियां और अंगूठियां (कुल वजन 43 ग्राम) लाकर एक कपड़े की पोटली में रख दिए।

'खून की उल्टी' का डर दिखाया और हो गया रफूचक्कर

महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि पूजा के दौरान ढोंगी बाबा ने अचानक अपने थैले से राख निकालकर उसके ऊपर फेंकी, उसका सिर नीचे झुकाया और पीठ पर वार किया। इसके बाद उसने महिला को डराते हुए सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगर तुमने दो दिनों से पहले इस कपड़े की पोटली को खोलने या छूने की कोशिश की, तो तुम्हें तुरंत खून की उल्टी होगी और तुम्हारी मौत हो जाएगी। मौत और अनहोनी के खौफ से डरी महिला ने दो दिन तक उस पोटली को हाथ भी नहीं लगाया. इसी खौफ का फायदा उठाकर आरोपी बाबा पोटली से सारा कीमती सामान और नकदी समेटकर फरार हो गया। जब दो दिन बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर पोटली खोली, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई; पोटली से सोने के गहने और पैसे गायब थे।

पुलिस कर रही है आरोपी की सरगर्मी से तलाश

पीड़िता को जब ठगी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत कानून का दरवाजा खटखटाया। बेंगलुरु के बागलकुंटे पुलिस स्टेशन में आरोपी शिवकाली उर्फ नितिन के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने पूजा-पाठ का ढोंग रचकर इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी को ट्रैक करने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Updated on:
17 Jul 2026 04:11 pm
Published on:
17 Jul 2026 04:11 pm