
बेंगलूरु. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. येड्डियूरप्पा ने खेद जताते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी ही कुछ गलतियों के कारण पार्टी सरकार के बनाने के लिए आवश्यक जादुई आंकड़ा प्राप्त करने में विफल हो गई।
शुुक्रवार को शहर के पैलेस मैदान में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में येड्डियूरप्पा ने कहा कि राज्य में मोदी की लहर होने के बावजूद हम उसे भुनाने और कम से कम 135 सीटों पर जीत दर्ज करने में विफल रहे।
हालांकि, सत्तारुढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहा। सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण भाजपा को पहले सरकार बनाने का मौका मिला लेकिन कम समय होने के कारण पार्टी संख्या बल नहीं जुटा पाई। येड्डियूरप्पा ने कहा कि कांग्रेस व जद-एस के कई विधायक भाजपा का साथ देने के लिए तैयार थे लेकिन उच्चतम न्यायालय के बहुमत साबित करने के लिए केवल 24 घंटों का समय देने की वजह से पार्टी विफल हो गई।
येड्डियूरप्पा ने कहा कि अब भी कांग्रेस व जद-एस के कई विधायक हैं जो भाजपा में शामिल होने के इच्छुक हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए विधानसभा स्तर पर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए ऐसे नेताओं व विधायकों को पार्टी में शामिल किया जा सकता है।
हमारे नेताओं को यह नहीं समझना चाहिए कि उन नेताओं के पार्टी में आ जाने से हमारी अहमियत घट जाएगी और हमारे हाथों से पार्टी के पद छिन जाएंगे। उन्होंने ऐसे विधायकों से बातचीत करने व उनको पार्टी में शामिल होने के लिए समझाने को कहा।
उन्होंने गठबंधन सरकार के किसी भी समय अपने आप गिर जाने का दावा करते हुए कहा कि बजट पेश करने को लेकर उनके बीच पहले ही विवाद चल रहा है और यदि 37 सदस्यों के समर्थन वाली पार्टी के नेता मुख्यमंत्री कुमारस्वामी बजट पेश भी कर देते हैं तो उस बजट की क्या पवित्रता रह जाएगी?