
बेंगलूरु. सत्तारुढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री डॉ जी परमेश्वर के बयान पर परोक्ष तरीके से पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने कहा कि राज्य में ना तो अभी मुख्यमंत्री का पद रिक्त है और ना ही गठबंधन के सामने मुख्यमंत्री बदलने का ही प्रस्ताव है।
गठबंधन समन्वय समिति के अध्यक्ष सिद्धरामय्या ने कहा कि कांग्रेस में परमेश्वर सहित कई नेता मुख्यमंत्री पद के योग्य हैं और इस पद की आकांक्षा होना गलत नहीं है।
हुब्बल्ली हवाई अड्डे पर रविवार को पत्रकारों से बातचीत में सिद्धरामय्या ने कहा कि परमेश्वर ने सिर्फ मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी योग्यता का जिक्र करते हुए आकांक्षा जताई है।
कांग्रेस में कई नेता योग्य हैं लेकिन इसके बारे में निर्णय आलाकमान और विधायक ही करते हैं। मौजूदा विधानसभा में खंडित जनादेश के कारण कांग्रेस ने गठबंधन के तहत मुख्यमंत्री का पद जद-एस को दिया है और फिलहाल यह पद रिक्त नहीं है।
गौरतलब है कि परमेश्वर ने शनिवार को बेलगावी में कहा था कि अगर आलाकमान चाहे तो वे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। परमेश्वर के इस बयान के बाद गठबंधन में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया।
मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि वे राजनीतिक हालात के कारण मुख्यमंत्री बने हैं और परमेश्वर सहित कई नेता इसके योग्य हैं। हालांकि, जद-एस के बजाय कांग्रेस के नेताओं ने इसेे लेकर ज्यादा बयान दिए।
डी के शिवकुमार ने परमेश्वर के बयान को अनावश्यक करार देते हुए कहा कि गठबंधन के समय ही पांच साल तक कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री रहने की बात तय हो गई थी इसलिए अभी ये मुद्दा नहीं है जबकि सांसद वी एस उग्रप्पा ने कहा कि परमेश्वर के बयान में कुछ भी गलत नहीं है और वे इस पद के योग्य हैं।