कहा, ये मुद्दे सड़क पर चर्चा करने के लिए नहीं हैं
राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के भारोत्तोलक गुरु पुजारी को सम्मानित करते मुख्यमंत्री। राज्य सरकार ने पुजारी को 25 लाख रुपए का चेक भी सौंपा। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ जी परमेश्वर, राज्य ओलंपिक संघ के अध्यक्ष गोविंदराजू भी उपस्थित थे।
बेंगलूरु. मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि अन्नभाग्या योजना के तहत वितरित किए जाने वाले चावल की मात्रा बढ़ाने के बारे में सरकारी स्तर पर निर्णय किया जाएगा। उन्होंने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि बीपीएल परिवारों को प्रति यूनिट हर माह 7 किलोग्राम चावल देने के बारे में सड़कों पर चर्चा नहीं की जा सकती, बल्कि सरकारी स्तर पर चर्चा की जाएगी। वे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री जमीर अहमद खान के बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकायुक्त संस्था को सबल बनाने के लिए समय चाहिए। हमारी सरकार को अभी सत्ता में आए दो माह ही बीते हैं। इस मसले पर जल्द ही विमर्श कर समुचित निर्णय किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शहरी स्थानीय निकायों के लिए आरक्षण की सूचियां तैयार कर ली गई हैं और जल्द ही सूचियां जारी कर दी जाएंगी।
जद-एस समर्थकों की भी सिंडिकेट में नियुक्तियां
इस बीच राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री जीटी देवेगौड़ा ने कहा कि विश्व विद्यालयों की सिंडिकेट में जनता दल-एस समर्थित सदस्यों की भी नियुक्तियां की जाएंगी। शहर के महारानी कॉलेज के एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मंत्री ने कहा कि पूर्व में नियुक्त किए गए सदस्यों में कांग्रेस के समर्थित लोगों की संख्या ही अधिक थी, लेकिन अब बदलाव होगा।
गठबंधन सरकार के सत्ता में आने के कारण मित्र दल के सदस्यों को अवसर देना स्वाभाविक प्रक्रिया है। लिहाजा सिंडिकेट का पुनर्गठन करके कांग्रेस व जद-एस के सदस्यों को नए सिरे से नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज के छात्रों को मुफ्त बस पास का मसला जल्द सुलझेगा। इस पर विपक्षी दलों को टीका-टिप्पणियां करना बंद कर देना चाहिए।