बैंगलोर

बांग्लादेशियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
2 min read
lahar singh
बांग्लादेशियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग

बेंगलूरु. शहर में अवैध रूप से रहनेवाले बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विधान पार्षद लहरसिंह सिरोया के नेतृत्व नें भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने गृहमंत्री डॉ.जी.परमेश्वर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि बेंगलूरु शहर में बगैर कोई रोक-टोक बडी आसानी के साथ बांग्लादेशी आ रहे हंै। ऐसे लोगों आधारकार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड मुहैया करने का एक व्यवस्थित जाल फैला है। जिस कारण उनकी पहचान करना बड़ी चुनौती है। बांग्लादेशियों के मादक पदार्थों के कारोबार, हत्या, चोरी लूट पाट में शामिल होने से वे शहर की कानून तथा सुरक्षा के लिए खतरा साबित हो रहें है।

ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 3 लाख से अधिक बांग्ला देशी घुसपैठ कर चुके हैं। कोलार, रामनगर, मंड्या, मैसूरु तथा बेलगावी जिलों में भी बांग्लादेशियों ने घुसपैठ की हुई है।

ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि जनता दल (एस) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एच.डी.कुमारस्वामी ने वर्ष 2015 में ही यह मामला उठाते हुए सरकार से कार्रवाई की अपील की थी। भाजपा प्रवक्ता लहरसिंह सिरोया के मुताबिक गृहमंत्री डॉ जी. परमेश्वर ने प्रतिनिधिमंडल को ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में विप सदस्य तारा अनुराधा, प्रवक्ता सी एन अश्वथनारायण तथा सह प्रवक्ता एस. प्रकाश भी उपस्थित थे।

प्रदेश में कड़े किए सुरक्षा इंतजाम
बेंगलूरु. रामनगर और बेंगलूरु में जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। केंद सरकार ने प्रदेश के प्रमुख शहरों में स्वतंत्रता दिवस पर कड़े सुरक्षा बंंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं। दोनों आतंकियों के परिवार के कई सदस्य फरार हैं और उनके प्रदेश में ही छिपे रहने की संभावना है।

गुप्तचर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महा निदेशक और प्रदेश के पांच पुलिस आयुक्तों और पुलिस महा निरीक्षकों की बैठक होगी। उप मुख्यमंत्री डॉ.जी.परमेश्वर सुरक्षा से संबंधित 13 अगस्त को उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। बेंगलूरु, मैसूरु, बेलगावी, मेंगलूरु समेत प्रमुख शहरों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Published on:
10 Aug 2018 07:47 pm