पारिवारिक रिश्तेदार व मंत्री डीसी तमण्णा ने किया खुलासा
हासन से प्रज्वल को बनाएंगे उम्मीदवार
बेंगलूरु. पूर्व प्रधानमंत्री एवं जनता दल-एस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा मंड्या लोकसभा क्षेत्र से उप चुनाव लड़ेंगे और हासन से बड़े बेटे एचडी रेवण्णा के पुत्र प्रज्वल रेवण्णा के लिए अपनी सीट खाली करेंगे। परिवहन मंत्री एवं देवेगौड़ा परिवार के रिश्तेदार डीसी तम्मण्णा ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में यह खुलासा किया है।
उन्होंने बताया कि देवेदौड़ा ने चुनाव लडऩे से इनकार किया था और राजनीति से संन्यास लेने की इच्छा जताई थी। फिर मंड्या जिले के सभी विधायक और अन्य नेताओं ने देवेगौड़ा पर दवाब डालकर चुनाव लडऩे के लिए राजी कर लिया है।
तमण्णा ने कहा कि कावेरी नदी जल विवाद से निपटने और गठबंधन सरकार चलाने के लिए देवेगौड़ा का मागदर्शन जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सामना करने में देवेगौड़ा ही सक्षम नेता है। केंद्र सरकार ने कावेरी जल प्रबंधन के लिए निकाय बनाकर किसानों के अधिकार छीने हैं।
उन्होंने कहा कि मंड्या जिला पार्टी का एक मजबूत गढ़ है। सी.एस. पुट्टराजू सांसद पद से इस्तीफा देकर विधायक बन चुके हैं। देवेगौड़ा अपने मौजूदा संसदीय क्षेत्र हासन से प्रज्वल रेवण्णा को उम्मीदवार बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री अम्बरीश को पार्टी में शामिल करने के सिलसिले में चर्चा जारी है। अम्बरीश के आने से पार्टी को नई ताकत मिलेगी।
------
ग्रामीण विकास, पंचायत विभाग के कार्यों की समीक्षा
बेंगलूरु. विधानसभा में शनिवार को ग्रामीण विकास तथा पंचायत राज मंत्री कृष्ण बैरेगौड़ा ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभाग के सभी विकास कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मंत्री ने महानरेगा योजना, पेयजल आपूर्ति, शौचालयों का निर्माण, शुद्ध पेयजल आपूर्ति इकाइयों का निर्वहन, स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं की जिलावार समीक्षा की। बैठक में विभाग की मुख्य सचिव नागाम्बिकादेवी तथा जिला पंचायतों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने भाग लेकर मंत्री को इन योजनाओं अपने जिलों की रिपोर्ट पेश की।,
-------------
हज भवन का नाम बदला तो आंदोलन
बेंगलूरु. हज भवन का नामकरण टीपू सुल्तान के नाम करने की चर्चाओं के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। भाजपा प्रदेश महासचिव व सांसद शोभा करंदलाजे ने इस निर्णय के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे चुकी हैं। शनिवार को विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष भाजपा नेता के.जी. बोपय्या ने कहा है कि यदि ऐसा होता है तो प्रदेश भर संघर्ष किया जाएगा। जब भाजपा सत्ता में थी तब भूमि तथा अनुदान राशि दी गई थी। हज मामलों के मंत्री जमीर अहमद खान भवन को टीपू सुल्तान का नाम देने की बहस शुरू कर माहौल को बिगाडऩे का प्रयास कर रहे हैं।