श्रेष्ठ साहित्यकृतियों की बनेंगी ऑडियो सीडी
बेंगलूरु. कर्नाटक पुस्तक प्राधिकरण अपनी स्थापना की 25 वी वर्षगांठ मना रहा है। इस अवसर पर प्राधिकरण ने कन्नड़ भाषा की उत्कृष्ट साहित्यिक कृतियां ऑडियो कैसेट के रूप में प्रकाशित करने का फैसला किया है। प्राधिकरण की अध्यक्ष डॉ वसुंधरा भूपति के अनुसार इस योजना के अंतर्गत पंप महाभारत, कुमार व्यास महाभारत, शिशुपाल वध, भीम-दुर्योधन की जंग, भरत-बाहुबली का संघर्ष, वकासुर वध जैसी पौराणिक कथाएं ऑडियो सीडी निकाली जाएगी। यह सीडी प्राधिकरण की तथा साउंड क्लाउड वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि जब साहित्यकार सिद्धलिंगय्या पुस्तक प्राधिकरण के अध्यक्ष थे, उनके कार्यकाल के दौरान नेत्रहीनों के लिए कन्नड़ की श्रेष्ठ साहित्य कृतियां ब्रेल लिपि में प्रकाशित की गई थी। अब ऐसा साहित्य ऑडियो सीडी में उपलब्ध होने से नेत्रहीन भी इसका लुत्फ उठा सकेंगे। साहित्यकार जे. पी. रामण्णा, सी.वीरण्णा, के.श्रीनिवास, बी.के.सुमति, मंजुला अश्विन, ज्योति प्रशांत जैसे साहित्यकार ऑडियो सीडी के लिए वाचन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर कन्नड़ पुस्तक प्राधिकरण गत 24 वर्षों में हासिल उपलब्धियों से लोगों को परिचित कराने के लिए एक लघु फिल्म बनाऐगा। इसके लिए 1 लाख रुपए का फंड आवंटित किया गया है।
विद्यार्थियों का राष्ट्रीय सम्मेलन 28 को
बेंगलूरु. महात्मा गांधी के 150 वे जन्म दिवस के उपलक्ष्य में शहर के शेषाद्रीपुरम कॉलेज में 28 अगस्त को विद्यार्थियों का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया है। कर्नाटक गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष डॉ वी.पी.कृष्णा के अनुसार उद्घाटन बेंगलूरु केंद्र विवि के कुलपति प्रो.एस.जाफेट करेंगे। महात्मा गांधी की जीवनी को लेकर राज्य के पूर्व महाधिवक्ता प्रो. रवि वर्मा कुमार, सी. नारायणस्वामी, डॉ वी. मीना कुमारी देशपांडे, स्वामी शांतिवृतानंद विचार प्रस्तुत करेंगे।
उत्तर प्रदेश सेवा मंडल ने भेजी राहत सामग्री
बेंगलूरु. उत्तर प्रदेश सेवा मंडल, बेंगलूरु की ओर से मडिकेरी के बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री पहुंचाई गई। इसमें अध्यक्ष एनके गुप्ता, सचिव योगेश मित्तल, केके दुबे, अखिलेश्वर त्रिपाठी, अशोक शर्मा, अजय जैन, बीके पटेल आदि की टीम ने सहयोग दिया।