बैंगलोर

आचार्य के सान्निध्य में : संगीतमय वंदन और संत उपकरण दर्शन

शाम को मंदिर को सजाया जाएगा और मूलनायक की प्रतिमा का विशेष शृंगार कर महापूजा एवं कुमारपाल परिधान में भव्य आरती होगी
2 min read
• •
Updated: 26 Aug 2018, 6:42 PM IST
janism
आचार्य के सान्निध्य में : संगीतमय वंदन और संत उपकरण दर्शन

बेंगलूरु. राजस्थान जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, जयनगर के तत्वावधान में धर्मनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में चातुर्मासार्थ विराजित आचार्य रत्नाकरसूरीश्वर के 61वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम शनिवार को शुरू हुए। रविवार को मुख्य कार्यक्रम जयनगर स्थित एमईएस ग्राउंड में सुबह 9.30 बजे से होगा।

पहले दिन आचार्य के संयम जीवन पर संगीतमय वंदन, जैन संत उपकरण दर्शन और वितरण कार्यक्रम हुए। पिछले दिनों आचार्य के जीवन और जैन धर्म पर आयोजित चित्रांकन-रेखांकन स्पद्र्धा में हिस्सा लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। उपकरण दर्शन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आचार्य ने संतों के उपयोग में आने वाले उपकरणों की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कुछ श्रावक-श्राविकाओं ने आचार्य से ये उपकरण प्राप्त किए और घर भी ले गए। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष चम्पालाल कोठारी, उपाध्यक्ष मोहनलाल बी. जैन, मंत्री चन्द्रकुमार जैन, कोषाध्यक्ष मांगीलाल चौहान सहित हीराचंद खरगांधी, राजेशकुमार जैन, ताराचंद राठौड़, फूलचंद जैन, भंवरलाल खिंवेसरा आदि उपस्थित थे।

दूसरे दिन के कार्यक्रमों के तहत रविवार को विशेष धर्मसभा में आचार्य के मंगल प्रवचन होंगे। इसके अतिरिक्त जीवदया, विहार धाम आदि क्षेत्रों में सेवाकार्यों के लिए विशेष सहयोग दिया जाएगा। पुस्तक विमोचन होगा। शाम को मंदिर को सजाया जाएगा और मूलनायक की प्रतिमा का विशेष शृंगार कर महापूजा एवं कुमारपाल परिधान में भव्य आरती होगी।


पत्रिका से विशेष बातचीत
मन एवं मान का विजेता बनने वाला ही संत : रत्नाकर सूरीश्वर
बेंगलूरु. आज के आधुनिक दौर में संसाधन और बौद्धिक विकास तो हो रहा है, जो अच्छी बात भी है लेकिन मर्यादा घट रही है। नकारात्मकता के चलते नैतिकता का पतन हो रहा है। ऐसे में इंसान के जीवन को नैतिक विचारों और गुणों से प्रकाशमान बनाना होगा। इसके लिए संत समागम आवश्यक है। अफसोस इस बात का है कि आज की युवा पीढ़ी संत समागम के बिना ही संस्कार चाहती है, जो उचित नहीं। यह बात शनिवार को जयनगर स्थित धर्मनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में चातुर्मासार्थ विराजित आचार्य रत्नाकरसूरीश्वर ने पत्रिका से विशेष बातचीतके दौरान कही। उन्होंने संत की परिभाषा पर कहा कि जो मन एवं मान का विजेता होगा वही संत है।

जो मर्यादा में रहे और अपने अनुयायियों को भी इसके लिए प्रेरित करे वही संत है। उन्होंने कहा कि जब शिष्य जीवन में मर्यादा में रहता है तो उसका जीवन उत्तम रहता है। मर्यादा का उल्लंघन होने पर पतन तय है। जीवदया के संदर्भमें आचार्य ने कहा कि मूकप्राणियों की दुआ का अत्यंत महत्व है। मूक प्राणी अपनी विवशता को बयां नहीं कर पाते। ऐसे में सर्वाधिक विचारवान माने जाने वाले मानव का कर्तव्य बनता है कि वह जीवदया का मार्ग अपनाए। उन्होंने कहा कि जैन धर्म हमेशा सकारात्मकता को तरजीह देता है।

जैन धर्म कभी आचार में गिरावट लागकर धर्म का प्रचार प्रसार करने की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि आज जरूरत पंथ की नहीं, पथ दिखाने वाले की है। ग्रंथ नहीं चाहिए बल्कि गरिमा अंगीकार करने की आवश्यकता है। उपदेश ऐसा हो जिसमें केवल अपनी ही नहीं प्राणी मात्र के कल्याण की बात हो।

Published on: