बैंगलोर

मैसूरु: बंद मकान में मिले एक ही परिवार के 4 शव, दो बेटियों और पत्नी के मुंह पर मिली टेप, मिला सुसाइड नोट

Mysuru family suicide case: मैसूरु जिले के हुणसूर के मारुति लेआउट स्थित एक घर में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
2 min read
Jul 22, 2026
Mysuru family suicide case (1)
मकान में मिले एक ही परिवार के 4 शव-फोटो वीडियो का स्क्रीनशॉट-Enhanced by ChatGPT

बेंगलूरु। मैसूरु जिले के हुणसूर के मारुति लेआउट स्थित एक घर में मंगलवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बेटियों की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें संपत्ति, कर्ज और अन्य निजी मामलों का उल्लेख किया गया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान हरीश (42), उनकी पत्नी निष्ठा (34) तथा बेटियों निक्षा (12) और रक्षा (8) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर को घटना की जानकारी मिली थी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मकान की पहली मंजिल पर हरीश का शव फंदे से लटका मिला। वहीं ग्राउंड फ्लोर के कमरे में बेड पर पत्नी और दोनों बेटियों के शव पड़े थे। तीनों के चेहरे और मुंह पर एडहेसिव (चिपकने वाली) टेप लगी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि मुंह पर टेप चिपकाकर दम घोंटने से उनकी मौत हुई है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को बेडरूम से एक सुसाइड नोट को बरामद किया है। नोट में हरीश ने लिखा था कि उसका शव पहली मंजिल वाले कमरे में लटका हुआ मिलेगा। इसके अलावा, लॉकर में रखी संपत्ति के दस्तावेजों, चाबियों के ठिकाने और कर्ज का पूरा ब्योरा लिखा गया है। उसने पुलिस से गुजारिश की है कि चाबियां व दस्तावेज नोट में उल्लेखित व्यक्ति को सौंप दिए जाएं।

तीन दिन पहले मां को भेजा था ननिहाल

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरीश ने इस खौफनाक कदम को अंजाम देने से तीन दिन पहले ही अपनी मां को उनकी नानी के घर भेज दिया था। हरीश की मां ने पुलिस को बताया कि परिवार पर काफी कर्ज था। पुलिस अब आर्थिक तंगी और पारिवारिक कारणों समेत सभी कोणों से मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
22 Jul 2026 11:11 am
Published on:
22 Jul 2026 11:11 am