
प्रतीकात्मक तस्वीर
विजयनगर। विजयनगर जिले के कूडलिगी तालुक के एक गांव में विवाह के महज 20 दिन बाद नवविवाहिता की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति ने अपने मित्र और एक किशोरी के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में तंत्र-मंत्र से डरकर गिरने से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ी।
मृतका की पहचान अनिता (22) के तौर पर की गई है। मामले में पति मारेश, उसके मित्र पीतांबरी और नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि किशोरी को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मारेश का पिछले चार साल से किशोरी के साथ प्रेम संबंध था। विवाह के बाद भी संबंध समाप्त नहीं होने पर पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
10 जुलाई को मारेश पत्नी को करी पत्ता तोड़ने के बहाने खेत में ले गया, जहां उसने अपने मित्र के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खेत में पहले से नींबू, नारियल, सिंदूर और अन्य वस्तुएं रखकर तंत्र-मंत्र का माहौल बनाया। इसके बाद उसने दावा किया कि पत्नी इन्हें देखकर घबरा गई और भागते समय गिरने से उसकी मौत हो गई। शुरुआत में परिवार ने भी इस बात पर भरोसा कर लिया। हालांकि अनिता की मौत पर संदेह होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला दबाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि मारेश का पिछले चार साल से उसी गांव की एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि लड़की ने मारेश पर पत्नी को रास्ते से हटाने का दबाव बनाया था। इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने पति मारेश और उसके दोस्त पीतांबरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल नाबालिग लड़की को बाल न्यायालय के सामने पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।
Updated on:
18 Jul 2026 07:22 pm
Published on:
18 Jul 2026 07:18 pm
