
श्वेता और उसका बॉयफ्रेंड केनेथ (फोटो- Dhanya Rajendran एक्स पोस्ट)
Bengaluru Triple Murder: बेंगलुरु के केआर पुरम ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। इस मामले में पुलिस ने मशहूर टेक कंपनी गूगल से आरोपी और उसके एआई चैटबॉट जेमिनी (Gemini) के बीच हुई बातचीत का पूरा रिकॉर्ड मांगा है। जांच अधिकारियों का मानना है कि इन चैट्स से यह पता चल सकता है कि हत्या की साजिश कैसे बनाई गई और उसकी तैयारी कब से चल रही थी। पुलिस के अनुसार, यह डिजिटल रिकॉर्ड मामले की सबसे अहम कड़ी बन सकता है।
पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्वेता और उसके प्रेमी केनेथ को जून में गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर श्वेता के माता-पिता और बहन की हत्या का आरोप है। जांच के दौरान केनेथ का लैपटॉप जब्त किया गया, जिसकी जांच में सामने आया कि उसने करीब छह महीने तक Gemini से अलग-अलग तरह के सवाल पूछ कर हत्या का प्लान बनाया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने एआई से सीधे हत्या से जुड़े सवाल नहीं पूछे, बल्कि ऐसे काल्पनिक सवाल किए जिनसे उसे हिंसा, आत्मरक्षा और किसी व्यक्ति को हमला करने से पहले बेहोश करने जैसी जानकारी मिल सके।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने AI चैटबॉट से हथियारों, खून के निशान मिटाने, सबूत खत्म करने और शवों को ठिकाने लगाने जैसे विषयों पर भी जानकारी जुटाने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इन बातचीत से यह संकेत मिलता है कि वह लंबे समय तक अलग-अलग तरीकों पर विचार करता रहा। जांच में यह भी सामने आया कि उसने पहले एक इंडस्ट्रियल आयरन फर्नेस का इस्तेमाल कर शवों को नष्ट करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में यह विचार छोड़ दिया क्योंकि उसे लगा कि यह संभव नहीं होगा।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात के पीछे आर्थिक संकट बड़ा कारण था। जांच में सामने आया कि श्वेता ने अपनी मां से करीब 50 लाख रुपये लेकर केनेथ को क्लाउड किचन बिजनेस के लिए दिए थे, लेकिन यह कारोबार शुरू होने से पहले ही असफल हो गया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने परिवार की हत्या कर आर्थिक जिम्मेदारियों से बचने और संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई। जांच में यह भी दावा किया गया कि केनेथ लंबे समय से सामाजिक रूप से अलग-थलग था और श्वेता उसकी आर्थिक मदद करती थी। हत्या के बाद दोनों कथित तौर पर घर से नकदी और चांदी के गहने लेकर पुडुचेरी भाग गए, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
Updated on:
22 Jul 2026 09:51 am
Published on:
22 Jul 2026 09:00 am
