बैंगलोर

‘नम्मा मेट्रो’ किराया बढ़ाने का फैसला टला, बोर्ड समीक्षा के बाद होगा अंतिम निर्णय

Feb 09, 2026
Feature image
FILE PHOTO

नम्मा मेट्रो Namma Metro के यात्रियों को फिलहाल राहत मिली है। बेंगलूरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने किराए में प्रस्तावित 5 प्रतिशत बढ़ोतरी को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। यह बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होने वाली थी।

1 से 5 रुपए तक बढ़ोतरी प्रस्तावित थी

बीएमआरसीएल BMRCL ने रविवार को जारी बयान में कहा कि संशोधित किराए पर निर्णय अब बोर्ड की समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा और उसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। योजना के अनुसार, सभी 10 किराया जोनों में 1 से 5 रुपए तक बढ़ोतरी प्रस्तावित थी, जिससे न्यूनतम किराया 11 और अधिकतम किराया 95 रुपया हो जाता। यह बढ़ोतरी किराया निर्धारण समिति (एफएफसी) द्वारा सुझाए गए स्वचालित वार्षिक संशोधन तंत्र के तहत की जानी थी।

राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे ने तूल पकड़ा

गौरतलब है कि फरवरी 2025 में मेट्रो किराए में भारी बढ़ोतरी के बाद से ही यात्रियों में असंतोष बना हुआ है। उसी पृष्ठभूमि में इस बार की प्रस्तावित बढ़ोतरी ने भी तीखी प्रतिक्रिया को जन्म दिया। शहरी परिवहन विशेषज्ञों और विपक्षी दलों ने इसे आम यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ बताया। राजनीतिक स्तर पर भी इस मुद्दे ने तूल पकड़ा। कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते हुए आरोप लगाए। वहीं भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्य ने दावा किया कि केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत के बाद ही बढ़ोतरी पर रोक का फैसला हुआ।

सरकारी मंजूरी पर निर्भर

बीएमआरसीएल के अधिकारियों का कहना है कि किराया संशोधन महंगाई और बढ़ती परिचालन लागत को देखते हुए राजस्व संतुलन के लिए जरूरी माना जाता है और यह सरकारी मंजूरी पर निर्भर नहीं होता। अब यह मामला फिर से किराया निर्धारण समिति के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी।

Updated on:
09 Feb 2026 05:55 pm
Published on:
09 Feb 2026 05:55 pm